कुंद पड़ी फोरलेन की रफ्तार बना रही बीमार

मैनपुरी : नगर में फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मगर, कार्यदायी संस्था की अनदेखी और ठेकेदारो

By Edited By: Publish:Thu, 28 May 2015 07:14 PM (IST) Updated:Thu, 28 May 2015 07:14 PM (IST)
कुंद पड़ी फोरलेन की रफ्तार बना रही बीमार

मैनपुरी : नगर में फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मगर, कार्यदायी संस्था की अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही के चलते काम की रफ्तार कुंद पड़ चुकी है। सड़कें खोदकर वहां गिट्टी डाल दी गई है। कई हफ्तों से खुदी पड़ी सड़क से उड़ रही धूल अब राहगीरों को बीमार करने लगी है।

कुरावली से मैनपुरी होते हुए फोरलेन सड़क गुजारी जानी है। काम शुरू होने पर कार्यदायी संस्था ने तेजी दिखाई थी। कुरावली से मैनपुरी के बीच आने वाली मुख्य सड़क को खोदकर किनारों पर लगे सभी वृक्षों को काट दिया गया था।

कई हफ्तों से अब कार्यदायी संस्था का काम धीमा पड़ चुका है। कुरावली मार्ग पर स्थिति यह है कि संस्था ने सड़क खोदाई के बाद गिट्टी डाल दी है। निर्माण के नाम पर पूर्व में बनी सड़क भी खोद दिए जाने से अब पूरा मार्ग बदहाल हो चुका है। काम ठप होने से मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर सिर्फ धूल ही धूल उड़ती है। चिकित्सकों का कहना है कि यह धूल बीमार बना रही है।

जिला चिकित्सालय के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरांग गुप्ता का कहना है कि लगातार धूल के संपर्क में रहने वाले लोगों को त्वचा संबंधी तमाम बीमारियां फैल रही हैं।

फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना है कि धूल का सीधा असर इंसान के फेफड़ों पर पड़ता है। श्वास तंत्र को प्रभावित करने वाले धूल के कणों के दुष्प्रभाव से व्यक्ति को श्वास की बीमारी भी हो सकती है। जिन लोगों को पहले से अस्थमा की शिकायत है। धूल के संपर्क में आते ही उनकी तबियत भी बिगड़ सकती है।

बोले लोग

जब से फोरेलने सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ है, तब से हम लोगों की समस्या बढ़ गई है। धूल उड़ने के कारण दिन भर दुकान में बैठना भी मुश्किल हो जाता है।

अंकित कश्यप।

पूरा व्यापार चौपट कर दिया है इस निर्माण ने। सड़क खोदकर डाल दी है। न तो मिट्टी डाल रहे हैं और न ही बनवा रहे हैं। दुकान के सामने खोदाई कर देने से ग्राहक दुकान तक पहुंच ही नहीं पाते हैं।

दिनेश।

स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने लगा है। धूल की वजह से बच्चों को भी बाहर नहीं भेजते हैं। पूरा दिन घर-मकान के दरवाजे बंद करके रखने पड़ते हैं।

राहुल।

'काम की रफ्तार जरूर प्रभावित हुई है लेकिन काम जारी है। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि वह काम में तेजी लाए। मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर जल्द ही समस्या दूर कर दी जाएगी।'

जितेंद्र कुमार बांगा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-तृतीय, मैनपुरी।

chat bot
आपका साथी