जमकर बरसे बदरा, हुआ जलभराव

जागरण संवाददाता, महोबा: गुरुवार की आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश शुक्रवार को जारी रही। झमाझम बारिश

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Jul 2017 01:00 AM (IST) Updated:Sat, 22 Jul 2017 01:00 AM (IST)
जमकर बरसे बदरा, हुआ जलभराव
जमकर बरसे बदरा, हुआ जलभराव

जागरण संवाददाता, महोबा: गुरुवार की आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश शुक्रवार को जारी रही। झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों को पूरी तरह से डुबो दिया। सड़क किनारे बने नाले लोगों के लिए जानलेवा बन गए। कई वाहन नालों में फंसे रहे। पानी लोगों के घर दुकानों में घुस गया। ऊदल चौक के पास खोदे गए नाले में एक युवक साइकिल सहित गिर गया। वहां लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। कई बाइक सवार, कारें भी नाले में फंस गईं।

शुक्रवार की सुबह दस बजे से लेकर शाम तक बारिश होती रही। झमाझम बारिश ने पूरे शहर को ही तालाब बना दिया। अधबने नाले लोगों के लिए मुसीबत बन गए। कई स्थानों पर लोग नालों में गिरकर घायल हो गए। ऊदल चौक के पास सड़क का पानी इतना उफना कर बहने लगा कि लोगों के घर भी तालाब बन गए। एक साइकिल सवार सड़क किनारे आ जाने से नाले में गिर गया। पानी का उफान तेज होने से वह डूबने लगा। वहां मौजूद दुकानदार तथा अन्य लोगों ने मदद करके उसे किसी तरह डूबने से बचाया। यहीं सड़क किनारे नाले में एक कार घुस गई। उसमें बैठे सवारों को अपनी जान बचाना मुश्किल पड़ गया।

रात में कुछ घंटों की बारिश और दिन में चार घंटे की बरसात से पूरे शहर में पानी ही पानी नजर आने लगा। पानी का बहाव सही न होने से रोडवेज बस स्टाप से लेकर सदर अस्पताल तक की सड़कों और परिसर लबालब हो गए। इस बीस अस्पताल परिसर के अंदर पानी तो नहीं गया। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यहां एक पट्टी बना देने से पानी अंदर प्रवेश नहीं कर सका।

शहर में नहीं हो रहा सुधार-

बारिश के दौरान शहर में अन्य कई स्थानों पर जलभराव के हालात हो गए। सड़कों पर रात के समय तालाब की तरह नजारा था। रात के समय जो भी वाहन गुजरा वह नालों में फंस गया। इसी तरह शहर के काजीपुरा मोहल्ले में लोगों के घरों पानी घुस गया। शहर के ऊदल चौक, आल्हा चौक, पुलिस चौकी, गांधी नगर, सुभाष चौकी के पास, रोडवेज बस स्टाप आदि स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया।

नाले बन रहे जानलेवा

नगर पालिका ने शहरवासियों के लिए और कुछ अच्छा किया हो चाहे नहीं लेकिन शहर में नालों का इंतजाम कर दिया है। यह नाले बारिश के दौरान लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। नालों के निर्माण के दौरान सरिया बाहर निकाल दी गई हैं। इनकी चपेट में कभी भी कोई आकर अपनी जान गवां सकता है।

शहर ही नहीं पूरे जिले में बारिश का प्रकोप रहा। कबरई, चरखारी, कुलपहाड़, बेलाताल, श्रीनगर, पनवाड़ी, खरेला, अजनर, महोबकंठ आदि में भी बारिश से जलभराव के हालात बन गए। कुछ स्थानों पर कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

chat bot
आपका साथी