एक और युवक मिला कोरोना पॉजिटिव
इस प्रकार कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 177 हो गई।
महराजगंज: जिले में कोरोना मरीजों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को सबया सिसवा का एक और युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस प्रकार कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 177 हो गई। इसमें तीन की मौत हो चुकी है। जबकि 132 स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अब 42 हो गई है।
सिसवा संवाददाता के अनुसार युवक कुवैत से 26 जून को अपने घर आया था। तभी से वह होम क्वारंटाइन था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 29 जून को नमूना जांच के लिए भेजा था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे कोविड अस्पताल में भेजा गया है। इस प्रकार सबया में कुल तीन कोरोना के मरीज पाए गए हैं। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को 274 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
कोरोना पॉजिटिव मिलने से लोगों में दहशत
आनंदनगर, महराजगंज: फरेंदा थानाक्षेत्र के ग्राम सभा गनेशपुर में कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। एसडीएम फरेंदा राजेश जायसवाल, सीओ फरेंदा अशोक कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष फरेंदा मनीष कुमार सिंह ने 250 मीटर एरिया को सील कर दिया है। इस क्षेत्र में लोगों का आवाजाही पूर्णरूप से प्रतिबंधित कर दिया है। वही साथ विभाग की टीम ने जायजा लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।