UP Assembly Session 2022: विधानसभा में महंगाई पर बोली योगी सरकार, आवश्यक वस्तुओं पर केंद्र का नियंत्रण

UP Assembly Session 2022 कांग्रेस की विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने महंगाई का मुद्दा उठाया तो यूपी सरकार ने कहा कि मुख्यत 22 वस्तुएं आवश्यक वस्तु की सूची में हैं। उन पर केंद्र सरकार नियंत्रण है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 23 Sep 2022 12:12 AM (IST) Updated:Fri, 23 Sep 2022 12:12 AM (IST)
UP Assembly Session 2022: विधानसभा में महंगाई पर बोली योगी सरकार, आवश्यक वस्तुओं पर केंद्र का नियंत्रण
UP Assembly Session 2022: आराधना ने उठाया मुद्दा तो खन्ना ने गिना दी कांग्रेस शासित राज्यों की वैट दर।

UP Assembly Session 2022: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। विधानसभा के महिला विशेष सत्र में कांग्रेस की विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने खेती की लागत मूल्य के साथ ही खाद्य पदार्थों पर महंगाई का मुद्दा उठाया। खाद्य पदार्थ की महंगाई पर सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि आवश्यक वस्तुओं पर केंद्र सरकार का नियंत्रण है। वहीं, खेती की लागत बढ़ने के सवाल पर कांग्रेस सदस्य को कांग्रेस शासित राज्यों में वसूले जा रहे वैट की सूची सुना दी गई।

आराधना मिश्रा ने कहा कि देश-प्रदेश आज महंगाई के दंश से पीड़ित है। सबसे ज्यादा असर रसोई पर पड़ा है। 70 वर्ष की सर्वाधिक महंगाई के दौर से हम लोग गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना में गरीबों को रसोई गैस सिलिंडर दिए गए, लेकिन 2019 का लोकसभा चुनाव खत्म होते ही वह महंगे हो गए और महिलाएं खून के आंसू रो रही हैं। किसानों को वादे के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं दिया गया। खाद-बीज महंगा हो गया। घर बनाना महंगा हो गया, कपड़े पर जीएसटी लगा दिया गया। सब्जियां इतनी महंगी हो गई हैं।

योगी सरकार गरीबों को दे रही मुफ्त सिलिंडर

सरकार की ओर से गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने जवाब दिया। वह बोले कि मुख्यत: 22 वस्तुएं आवश्यक वस्तु की सूची में हैं। उन पर केंद्र सरकार नियंत्रण है। जिस पर प्रदेश सरकार का नियंत्रण है, उन पर सबसे कम वैट यूपी में लग रहा है। वहीं, उज्ज्वला कनेक्शन वालों को 12 सिलिंडर 200 रुपये की सब्सिडी पर दिए जा रहे हैं। योगी सरकार गरीबों को होली और दीपावली पर मुफ्त सिलिंडर भी दे रही है।

गरीबों की ज्यादा चिंता भाजपा सरकार ही कर रही

मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने कहा कि खाद्य पदार्थों के लिए खुदरा और थोक व्यापारियों के स्टाक सीमा निर्धारित है। उस आधार पर सरकार ने जमाखोरों पर कार्रवाई भी की है। सब्जियों की महंगाई के प्रश्न पर बोले कि सब्जियां छोटे किसान उगाते हैं, आप उनके विरोधी क्यों हैं। चौधरी ने कहा कि गरीबों की सबसे ज्यादा चिंता भाजपा सरकार ही कर रही है। कोरोना जैसी महामारी में एक व्यक्ति की भी मृत्यु भूख से नहीं हुई।

सबसे कम वैट यूपी सरकार ले रही

वहीं, पेट्रो पदार्थों पर महंगाई के प्रश्न पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उत्तर दिया। उन्होंने कांग्रेस सदस्य को कांग्रेस शासित राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र आदि राज्यों में वसूले जा रहे वैट की सूची सुना दी। कहा कि इन सबसे कम वैट यूपी सरकार ले रही है।

किसानों की आय बढ़ाने के लिए हुए बेहतर प्रयास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी किसानों और महंगाई से संबंधित कई विपक्षी सदस्यों के प्रश्नों का साझा उत्तर दिया। कहा कि किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयास किए हैं। कोरोना काल में केमिकल-फर्टिलाइजर की कीमत भले बढ़ी हो, लेकिन सरकार ने टैक्स कम किया। पहली बार उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के साथ मिलकर बिजली के दाम कम किए गए। तीस हजार सोलर पैनल आवंटन की योजना का जिक्र भी किया।

chat bot
आपका साथी