मंत्री कैलाश यादव के निधन से सदन स्तब्ध, कार्रवाई स्थगित

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव का आज गुडग़ांव के मेदांता हास्पिटल में निधन हो गया। उनके निधन के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र को 11 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Tue, 09 Feb 2016 02:54 PM (IST) Updated:Tue, 09 Feb 2016 06:15 PM (IST)
मंत्री कैलाश यादव के निधन से सदन स्तब्ध, कार्रवाई स्थगित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव के निधन का समाचार आते ही आज विधान सभा के सदस्य स्तब्ध रह गए। सदन ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और आगे की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। तय हुआ कि चूंकि तमाम मंत्री व सदस्य कैलाश यादव के अंतिम संस्कार में भाग लेने जाएंगे इसलिए विधान सभा की बैठक बुधवार को भी नहीं होगी।

मंगलवार को विधान सभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर सपा के गुलाम मोहम्मद धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए सरकार की तारीफों के पुल बांध रहे थे। इस दौरान उदय राज यादव अधिष्ठाता की भूमिका में थे। एक बजकर 34 मिनट पर विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, नेता सदन अखिलेश यादव, संसदीय कार्य मंत्री मोहम्मद आजम खां व प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप कुमार दुबे का मंडप में आगमन हुआ।

'उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो'

संसदीय कार्य मंत्री ने धन्यवाद रख रहे गुलाम मोहम्मद को रोक कर सदन को सूचित किया कि दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव का निधन हो गया है। उन्होंने अपने विशिष्ट अंदाज में कहा 'उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए '। आजम खां ने कहा कि पांच छह दिन पहले ही गाजीपुर गया था और एक प्रोग्राम में वह मेरे साथ थे।

इसके बाद नेता सदन व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह नेताजी के पुराने सहयोगी थे और किसानों, मजदूरों व गरीबों के लिए हमेशा संघर्ष करते रहे। वह अपने बेटे को राजनीति में लाना चाहते थे और हाल ही में उनका बेटा जिला पंचायत अध्यक्ष पद पद निर्वाचित भी हुआ था। उन्होंने हाल ही में हुए पंचायत चुनाव के लिए भी उनकी सराहना की। नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्या, भाजपा नेता सुरेश कुमार खन्ना, कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर व रालोद नेता दलवीर सिंह ने भी कैलाश यादव के निधन को अपूर्णीय क्षति बताते हुए उनके परिवारीजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कैलाश यादव के जीवन पर प्रकाश डालते हुए सदस्यों से खड़े होकर दो मिनट का मौन रखने को कहा। संसदीय कार्य मंत्री के इस प्रस्ताव पर सभी दल इस बात पर सहमत हो गए कि बुधवार को दिवंगत मंत्री के अंतिम संस्कार में बहुत से सदस्यों के जाने के कारण सदन में सदस्यों की संख्या कम रहेगी इसलिए बुधवार को सदन की बैठक न हो। विधान सभा अध्यक्ष ने घोषणा की कि अब सदन की बैठक गुरुवार को हागी।

गुडग़ांव में अंतिम सांस

कैलाश यादव का गुडग़ांव के मेदांता हास्पिटल में निधन हो गया। कैलाश यादव ने अस्पताल में दोपहर करीब दो बजे दम तोड़ा। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से विधायक कैलाश यादव को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। जिसके चलते उनके शरीर के कई अंग भी नहीं काम कर रहे थे। सात फरवरी को गंभीर हालत में मेदांता लगाया गया था। कैलाश यादव की अपने क्षेत्र में ही एक सभा के दौरान काफी तबीयत खराब हो गई थी। उनको एयर एम्बुलेंस से गुडग़ांव के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

chat bot
आपका साथी