चुनावी शंखनादः अभियानों के जरिये भाजपा पूरा करेगी विजय संकल्प

लोकसभा चुनाव में उप्र में 74 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प लेकर भाजपा ने बुधवार को संगठन और सरकार के स्तर पर मोर्चेबंदी शुरू कर दी।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 02:14 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 02:16 PM (IST)
चुनावी शंखनादः अभियानों के जरिये भाजपा पूरा करेगी विजय संकल्प
चुनावी शंखनादः अभियानों के जरिये भाजपा पूरा करेगी विजय संकल्प

लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में उप्र में 74 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प लेकर भाजपा ने बुधवार को संगठन और सरकार के स्तर पर मोर्चेबंदी शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनाये गए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय समेत संगठन के महत्वपूर्ण सहयोगियों के साथ भाजपा मुख्यालय में मंथन किया। नड्डा ने कहा कि अभियानों के जरिये भाजपा विजय संकल्प पूरा करे और किसी मोर्चे पर कोई चूक न हो।

एक-एक पदाधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण 

प्रदेश प्रभारी बनाये जाने के बाद पहली बार यहां आए जेपी नड्डा ने कई चरणों में बैठक की और मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए एक-एक पदाधिकारी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सवर्ण आरक्षण और जीएसटी के फायदे गिनाने के लिए पदाधिकारियों को प्रेरित किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने विशेष रूप से कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। भाजपा उपाध्यक्ष व लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी दुष्यंत गौतम, नरोत्तम मिश्र, गोवद्र्धन झड़पिया और सुनील ओझा ने भी पदाधिकारियों को संबोधित किया। बैठक में सभी प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व संगठन मंत्री तथा मोर्चा अध्यक्ष शामिल हुए। 

विपक्ष की साजिश कामयाब न होने दें

चुनाव अभियान के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तरीय 35 सदस्यीय लोकसभा चुनाव संचालन समिति गठित की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने के बाद यह बैठक शुरू हुई। योगी, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, सुनील बंसल, केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, विजय बहादुर पाठक, गोविंद नारायण शुक्ल, विद्यासागर सोनकर, जेपीएस राठौर, बृजेश पाठक, श्रीकांत शर्मा समेत 27 प्रमुख लोग बैठक में शामिल हुए। नड्डा, योगी और महेंद्र नाथ पांडेय ने आक्रामक भूमिका में चुनाव लडऩे पर जोर दिया। तय हुआ कि सभी मंत्री, सांसद और विधायक मार्च तक तय किये गए अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं। गठबंधन को हौवा बनाया जा रहा है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। योगी ने केंद्र और प्रदेश की योजनाओं के हर लाभार्थी तक संपर्क पर जोर दिया। इसके पहले नड्डा ने लोकसभा संचालन समितियों के 19 समूहों (कलस्टर) के प्रमुखों की अलग बैठक की। कहा कि विपक्षी दल साजिश और अफवाह का सहारा लेंगे लेकिन, विपक्ष के हर आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब दिया जाए। 

बूथ प्रबंधन का हुनर सिखाएंगे शाह 

बैठक में बूथ अध्यक्षों के क्षेत्रीय सम्मेलनों पर चर्चा हुई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बूथ प्रबंधन का हुनर सिखाएंगे। शाह 30 जनवरी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के कानपुर और अवध क्षेत्र के लखनऊ सम्मेलन में शामिल होंगे जबकि दो फरवरी को पश्चिम क्षेत्र के गजरौला और आठ फरवरी को काशी क्षेत्र के जौनपुर तथा गोरखपुर क्षेत्र के कुशीनगर में होने वाले क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे। 

किसानों और नौजवानों पर भरोसा

भाजपा को किसानों और नौजवानों पर भरोसा है। मोदी के नाम पर ही यह चुनाव लड़ा जाएगा। नये मतदाताओं को प्रभावित करने और किसानों के लिए कार्यक्रम तय किये गये हैं। गोरखपुर में फरवरी में होने वाले भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन व समापन प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। इसके अलावा प्रदेश में सेक्टर संयोजकों के 19 सम्मेलनों में शामिल होने के लिए शिवराज चौहान, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल खट्टर समेत 14 प्रमुख नाम तय किये गये हैं। 

जनसहभागिता पर दिया बल 

जेपी नड्डा ने सैनिक सम्मान, शक्ति केंद्र सम्मेलन, प्रबुद्ध सम्मेलन, मेरा परिवार-भाजपा परिवार जैसे कार्यक्रमों की चर्चा की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। पार्टी के कार्यक्रमों व अभियानों में जन सहभागिता पर उनका बल था। नड्डा ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों को इन अभियानों से जोड़ा जाए। 

मोर्चा अध्यक्षों को दी प्रेरणा

जेपी नड्डा ने मोर्चा अध्यक्षों को अभियान के लिए प्रेरित किया। युवा मोर्चा द्वारा आयोजित किये जाने वाले कमल कप खेल प्रतियोगिता व युवा संसद, महिला मोर्चा के कमल शक्ति अभियान, किसान मोर्चा के किसान कुंभ ग्रामसभा अभियान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के लोकसभा सम्मेलन व अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा के साथ ही उन्होंने कुछ नए टिप्स दिए।

---- 

chat bot
आपका साथी