UP BJP Working Committee Meeting: राजनाथ सिंह ने किया शुभारंभ, बोले- पन्ना प्रमुख होंगे 2022 में बड़ी जीत के बॉस

UP BJP Working Committee Meeting सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक दिवसीय बैठक में राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए जनसंघ काल से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक का सफरनामा सुनाया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 15 Mar 2021 08:58 AM (IST) Updated:Mon, 15 Mar 2021 09:26 PM (IST)
UP BJP Working Committee Meeting: राजनाथ सिंह ने किया शुभारंभ, बोले- पन्ना प्रमुख होंगे 2022 में बड़ी जीत के बॉस
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सोमवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी।

लखनऊ, जेएनएन। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति ने सरकार के कामकाज के प्रचार-प्रसार और संगठन के लिए भी चुनावी रोडमैप तैयार कर लिया है। आगामी विधानसभा चुनाव व मौजूदा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारी को गति देते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया है। संगठन में अंत्योदय के फार्मूले पर काम करने वाली भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उद्घाटन संबोधन में वर्ष 2022 में 2017 से ज्यादा सीटें जीतने का आह्वान किया। भाजपा को अन्य दलों से भिन्न बताते हुए पन्ना प्रमुख को बड़ी जीत दिलाने वाला बॉस करार दिया। वहीं, समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र व प्रदेश सरकारों की उपलब्धियों को लेकर आक्रामक अंदाज में प्रचार करने की बात कही। उनका कहना था कि हर कार्यकर्ता को वोकल होकर विपक्ष के दुष्प्रचार का तार्किक ढंग से जवाब देना होगा।

सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक दिवसीय बैठक में राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए जनसंघ काल से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक का सफरनामा सुनाया। कहा कि व्यक्ति का कद उसके पद के कारण नहीं, बल्कि उसके कृतित्व से बड़ा होता है। उन्होंने याद दिलाया कि जनसंघ काल में तो कोई सोच नहीं सकता था कि हम सरकार बनाएंगे। आज चप्पा-चप्पा भाजपा, का नारा चरित्रार्थ हुआ। अधिकतर पार्टियां टूटीं, लेकिन भाजपा में टूट नहीं हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति में विश्वास के संकट को भाजपा ने खत्म किया है। उन्होंने अनुच्छेद 370, तीन तलाक व राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि हमने जो कहा था, वो कर दिखाया है। अब कॉमन सिविल कोड की बात होगी। जाति और मजहब पर नहीं, बल्कि इंसान, इंसाफ व इंसानियत को मूल में रखकर फैसले किए हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा लाचारी जताने पर भी तंज किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसान आंदोलन को लेकर भी विपक्ष को घेरा। उनका कहना था कि विरोधी दल किसानों के कंधे पर बंदूक चला रहे हैं। सरकार किसानों के लिए ही काम कर रही है। एमएसपी को बंद करने का सवाल ही नहीं है। किसान हमारे परिवार का हिस्सा हैं। लोग बैठें और बात करें, जहां भी बदलाव की जरूरत है, सरकार किसानों के हित में सबकुछ करेगी।

राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण मुझे बेहद खुशी हो रही है। मैं इसके लिए भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का बेहद आभारी हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए जमीन से शुरुआत की और आज भाजपा इंटरनेशनल लेवल पर छा गई है। भाजपा की विचारधारा है कि व्यक्ति को सहज तथा सरल होना चाहिए। जिससे कि हर काम सुगमता से करने में आसानी होती है। 

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि मोदी सरकार जिन वादों और संकल्पों के साथ सत्ता में आई थी उन सभी वादों को अपने मजबूत इरादों के साथ पूरा कर रही है। देश के विकास और सुशासन के मार्ग पर प्रशस्त है। आम आदमी के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी को चलाने के लिए कार्यकर्ता और कार्यालय निर्माण की जरूरत होती है, सत्ता हमारा लक्ष्य नहीं है सत्ता गरीबों मजलूमों की सेवा के लिए है। आजादी के बाद देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की विश्व की सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित कर पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता प्रतिपादित की है। इतना ही नहीं सूखाग्रस्त बुंदेलखंड में प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से हर घर पानी पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है। स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज कमल खिल चुका है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बाद कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। हमको विश्वास है कि सभी कार्यकर्ता जनमानस में प्रबल विश्वास जगाएंगे और पार्टी के काम को विस्तार देंगे।

बाइस में 22 भी नहीं रहेंगे सपाई : प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियां को सराहा। उन्होंने बूथ कमेटियों के गठन से लेकर जिला व क्षेत्रीय स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम, कार्यकर्ता, कार्यालय और कर्मठता का मंत्र देते हुए चुनावी तैयारी में जुटने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा के 51 जिला कार्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रदेश में 98 संगठनात्मक जिलों, 1918 मंडल, 27,627 सेक्टरों व एक लाख 55 हजार बूथों पर भाजपा का ध्वज लहराने की बात कही।

चुनाव लड़ना है तो दें इस्तीफा : कार्यसमिति में पंचायत चुनाव को लेकर गाइडलाइन भी तय की गई। प्रदेश व क्षेत्र पदाधिकारी और जिलाध्यक्षों व प्रभारियों को चुनाव में उतरने से पूर्व अपने पद से त्याग-पत्र देना जरूरी किया गया है। अपने स्वजनों को भी चुनाव न लड़ाने की सलाह दी गई। संचालन महामंत्री अश्विनी त्यागी व अमर सिंह मौर्य ने किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, संगठन महामंत्री सुनील बंसल, सह-संगठन मंत्री कर्मवीर, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही आदि भी मौजूद रहे।

सरकार के चार वर्ष पर विशेष अभियान 19 से : कार्यसमिति ने योगी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 19 से 26 मार्च तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया। युवा, महिलाओं व अन्य वर्गों के अलग-अलग सम्मेलन होंगे।

chat bot
आपका साथी