रामपुर में विधानसभा उप चुनाव हार के बाद भी भाजपा को बड़ा लाभ, मिलेगी राज्यसभा सीट

आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा के रामपुर से विधायक बनने से भाजपा को अब राज्यसभा की खाली होने वाली सीट पर काबिज होने का मौका मिलेगा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 24 Oct 2019 06:56 PM (IST) Updated:Fri, 25 Oct 2019 09:47 AM (IST)
रामपुर में विधानसभा उप चुनाव हार के बाद भी भाजपा को बड़ा लाभ, मिलेगी राज्यसभा सीट
रामपुर में विधानसभा उप चुनाव हार के बाद भी भाजपा को बड़ा लाभ, मिलेगी राज्यसभा सीट

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने तमाम मुश्किल हालात के बाद भी रामपुर में अपनी बादशाहत कायम रखी है। यहां विधानसभा उप चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी उनकी पत्नी ने उनकी लाज बचा ली। उधर भारतीय जनता पार्टी ने रामपुर में विधानसभा उप चुनाव में हारने के बाद भी बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा को अब राज्यसभा में अपनी एक सीट बढ़ाने का मौका मिल गया है। संख्या बल के हिसाब से भाजपा राज्यसभा की इस सीट पर आसानी से जीत दर्ज करेगी।

आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा के रामपुर से विधायक बनने से भाजपा को अब राज्यसभा की खाली होने वाली सीट पर काबिज होने का मौका मिलेगा। आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा फिलहाल समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सदस्य हैं।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा उप चुनाव में 11 में सर्वाधिक चर्चित सीट रामपुर ही थी। भाजपा ने यहां पर ताकत झोंक दी थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को भू-माफिया घोषित किया गया जबकि वह अभी भी 84 मुकदमों से राहत पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आजम खां को इन्ही कारणों से रामपुर में सहानुभूति बटोरने का पूरा मौका मिल गया।

आजम खां ने प्रचार के दौरान कई सभाओं में आंसू बहाया। जनता से सवाल पूछा कि क्या वे डाकू हैं, क्या उनकी बीवी और बच्चे डाकू हैं। लगता है उनकी सहानुभूति की यह चाल उनके काम आ गया।

भाजपा यहां पर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले तीसरे या चौथे स्थान पर रहती थी। 2017 में पार्टी के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर थे। इस बार तो उसकी तैयारी फतह करने की थी लेकिन, सफलता नहीं मिली। भाजपा को रामपुर में अपनी जमीन बनाने का मौका जरूर मिल गया है।

समाजवादी पार्टी से विधायक निर्वाचित डॉ. तजीन फात्मा के शपथ लेने के बाद भाजपा की निगाह रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट पर रहेगी। भाजपा इस सीट को जीतने के बाद केंद्र में मजबूत बनेगी।  

समाजवादी पार्टी का जलवा बरकरार

रामपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का जलवा बरकरार रहा। उपचुनाव में सांसद आजम खां की पत्नी व सपा प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा ने भारतीय जनता के पार्टी के प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7589 मतों से हरा दिया। डॉ. तजीन फात्मा को 78815 तो वहीं भाजपा के भारत भूषण गुप्ता को 71226 मत मिले। वहीं कांग्रेस और बसपा समेत अन्य सभी प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। कांग्रेस प्रत्याशी अरशद अली गुड्डू को जहां 4159 मत मिले वहीं बसपा प्रत्याशी जुबैर मसूद  खान को 3435 मत मिले।

chat bot
आपका साथी