सर्पदंश की शिकार महिला के साथ सांप को भी अस्‍पताल ले आए परिजन

सर्पदंश की शिकार महिला को लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचे परिजन। सांप को भी साथ ले आए। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा। सांप को देखकर अस्पताल में फैली सनसनी।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 09:32 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 07:58 AM (IST)
सर्पदंश की शिकार महिला के साथ सांप को भी अस्‍पताल ले आए परिजन
सर्पदंश की शिकार महिला के साथ सांप को भी अस्‍पताल ले आए परिजन

लखनऊ, जागरण संवाददाता। बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में उस समय सनसनी फैल गई जब तीमारदार एक सर्पदंश की शिकार हुई महिला के साथ सांप को भी पकड़कर ले आए। डिब्बे में बंद कोबरा सांप को देखने के लिए इमरजेंसी के बाहर भीड़ लग गई। वहीं भर्ती के बाद भी महिला के इलाज में लापरवाही की गई। बाद में हंगामा होने पर महिला की सुध ली गई।

माल निवासी 34 वर्षीय रामकली को गुरुवार सुबह मचान पर कुछ सामान उठाने के लिए हाथ डाला। इसी दौरान उसकी बायें हाथ की बीच की अंगुली पर सांप ने काट लिया। महिला के चिल्लाने पर घर पर मौजूद लोगों ने सांप को प्लास्टिक के डब्बे में बंद कर दिया। जिसके बाद महिला को माल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे एंटी स्नैक वेनम लगाया। जिसके बाद भी महिला का ब्लड प्रेशर तेजी से गिर रहा था, जिसे देखते हुए महिला को बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पांच घंटे तक नहीं ली गई सुध

महिला को सुबह 10 बजे करीब बलरामपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला को पांच घंटे बाद भी किसी डॉक्टर ने न तो देखा और न ही डॉयग्नोस किया। परिवारीजन ने इस बात पर हंगामा किया तब जाकर महिला का ठीक से इलाज शुरू किया गया। बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ.ऋषि सक्सेना ने बताया कि मरीज के इलाज में लापरवाही की जानकारी नहीं है, ऑनकाल डॉक्टर को इलाज के लिए हिदायत दे दी गई है। अभी महिला की हालत ठीक है।

chat bot
आपका साथी