सरकार के सौ दिन पूरे होने पर रविवार को रिपोर्ट कार्ड पेश होगाः योगी

योगी सरकार 25 जून को सौ दिनों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की कि वह सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाएं।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Thu, 22 Jun 2017 08:43 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jun 2017 01:50 PM (IST)
सरकार के सौ दिन पूरे होने पर रविवार को रिपोर्ट कार्ड पेश होगाः योगी
सरकार के सौ दिन पूरे होने पर रविवार को रिपोर्ट कार्ड पेश होगाः योगी

लखनऊ (जेएनएन)।  मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्र व अपनी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रविवार, 25 जून को अपना सौ दिनों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की कि सरकार के कार्यों को वे आम लोगों तक पहुंचाएं। 

योगी दिन में करीब 11 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचे तो उनका शानदार स्वागत किया गया। अभिभूत मुख्यमंत्री ने मुख्यालय में करीब सवा घंटे गुजारे। बैठक के बाद वह कुछ देर के लिए जन सहयोग केंद्र भी गए। इसके बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में में दिये गए अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल से 25 करोड़ जनधन खाते खोले गए। यह कई देशों की आबादी से अधिक है। गरीबी रेखा से नीचे के पांच करोड़ से अधिक लोगों को रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

स्टैंडअप और स्टार्टअप योजनाओं की भी चर्चा की। कहा कि लघु एवं सीमांत किसानों के फसली ऋण माफ करने से 86 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मसलन हर विधानसभा के करीब 15 हजार किसान इससे लाभान्वित होंगे। बैठक को प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने भी संबोधित किया। तीन सत्रों में हुई बैठक का पहला सत्र प्रदेश पदाधिकारियों के लिए था। दूसरे में मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्षों और प्रभारियों को संबोधित किया। तीसरे सत्र में सभी क्षेत्रों के अध्यक्ष और मंत्री मौजूद थे।


दावों से इतर है जमीनी हकीकत :
बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने दबे स्वर में ही सही सरकार को आईना भी दिखाया। सरकार के बारे में पूछने पर एक पदाधिकारी ने कहा कि ठीक ही चल रही है। सरकार की ओर से दिए गए संदेशों को स्थानीय अधिकारियों ने अपने स्तर से व्याख्या की। इसको आधार बनाकर वह कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुन रहे हैं। कुछ पदाधिकारियों ने बैठक में भी इस बात को रखा। इस पर उनसे कहा गया कि इसके लिए हर जिले का प्रभारी एक मंत्री को बनाया गया है। आप उनके सामने अपनी बात रख सकते हैं।

सरकार और संगठन के तालमेल से 2019 की तैयारी
सरकार और संगठन के तालमेल से वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी जारी है। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार भाजपा मुख्यालय में जिले से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के बीच पहुंचे योगी आदित्यनाथ का संदेश यही था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी केंद्र के नक्शे कदम पर चल रही है। सौ दिन में सरकार ने क्या किया है इसका पता 25 को प्रस्तुत होने वाले रिपोर्ट कार्ड से चल जाएगा। उन्होंने किसान कर्जमाफी, स्मार्ट गांव और और गरीबों को आवास देने के लिए सरकार ने जो योजनाएं बनाई हैं, उनका जिक्र किया। कार्यकर्ताओं को वन महोत्सव, खूब पढ़ो और आगे बढ़ो जैसे कार्यक्रमों से खुद जुडऩे और स्थानीय लोगों को जोडऩे को कहा।

यह भी पढ़ें: Presidential election: राष्ट्रपति चुनाव में अब बसपा करेगी मीरा कुमार का समर्थन
मालूम हो कि नई सरकार बनने के बाद से संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल का प्रयास जारी है। सीएम होने के बाद योगी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में होने वाली बैठक में भले पहली बार गए हों, पर इसके पूर्व भी जब भी उनको मौका मिला वह कार्यकर्ताओं के बीच गए। इसका सिलसिला अपने आवास पर आयोजित भोज में कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह से ही शुरू हो गया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सरकार और संगठन के बीच हुई हर समन्वय बैठक में भी मुख्यमंत्री पहुंचे हैं।
 

chat bot
आपका साथी