अब पोस्टकार्ड के जरिए बच्चे बुलंद करेंगे पर्यावरण संरक्षण की आवाज

दुनिया के एक लाख बच्चों की ओर से बनाए गए पोस्टकार्डों को एल्प्स ग्लेशियर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Tue, 23 Oct 2018 01:52 PM (IST) Updated:Tue, 23 Oct 2018 05:11 PM (IST)
अब पोस्टकार्ड के जरिए बच्चे बुलंद करेंगे पर्यावरण संरक्षण की आवाज
अब पोस्टकार्ड के जरिए बच्चे बुलंद करेंगे पर्यावरण संरक्षण की आवाज

लखनऊ [रूमा सिन्हा]। जलवायु परिवर्तन पर अब बच्चों ने भी अपनी आवाज बुलंद करने की ठानी है। कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में वो एक समग्र प्रयास करने की तैयारी कर रहे हैं। कई देशों के एक लाख बच्चों ने चेतावनी दी है कि 'हम आने वाला भविष्य हैं, हमें एक अवसर दें।'

जलवायु परिवर्तन की अगली बैठक दिसंबर माह में पोलैंड में आयोजित होगी। कई राष्ट्रों के प्रतिनिधि व वैश्विक नेता जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए उठाए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा करेंगे। बैठक में बच्चों और युवाओं की आवाज को पहुंचाने के उद्देश्य से स्विस एंबेसी के विकास साझा कार्यक्रम (एसडीसी) के अंतर्गत एक पोस्टकार्ड अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत कई देशों के बच्चे और युवा जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए एक लाख पोस्टकार्ड प्रदर्शित करेंगे। भारत से भी 20,000 पोस्टकार्ड भेजे जा चुके हैं। इनमें उन प्रयासों का चित्रण होगा, जो जलवायु परिवर्तन के असर को कम करेंगे। बच्चों और युवाओं की आवाज को वैश्विक नेताओं तक पहुंचाने का एक प्रयास है। इसीलिए इसका नाम 'हम आने वाला भविष्य हैं, हमें एक अवसर दें रखा गया है।

अभियान की जिम्मेदारी संभाल रही पर्यावरण शिक्षण केंद्र की सीनियर प्रोग्राम डायरेक्टर प्रीती आर कनौजिया बताती हैं कि एक लाख पोस्टकार्डों को 30 अक्टूबर को स्विट्जरलैंड स्थित विश्व के सबसे बड़े और गहरे ग्लेशियर एल्प्स के ऊपर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे विश्व कीर्तिमान भी बनेगा, जिसे गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी दर्ज किया जाएगा।

भेजे गए कुल पोस्टकार्ड

प्रीती बताती हैं कि भारत से 20,000 पोस्टकार्ड भेजे गए हैं। लखनऊ, वाराणसी, जालौन, बरेली, बदायूं, कानपुर, गोंडा, दुर्ग, गोवा, कोलकाता, बेंगलुरु सहित अन्य शहरों के स्कूली बच्चों ने पोस्टकार्ड तैयार किए हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों से 7,500 पोस्टकार्ड भेजे गए हैं। इसमें लखनऊ के 4500 पोस्टकार्ड भेजे गए हैं। पोस्टकार्डों में बच्चों ने वही चित्र उकेरे हैं जो वह निजी जीवन में अमल में लाकर कार्बन उत्सर्जन को कम करेंगे। साइकिल का प्रयोग, बिजली बचाना, पानी के सही उपयोग, कपड़े के थैले का प्रयोग, ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने, रिसाइकिल करने, ऊर्जा के वैकल्पिक साधनों का प्रयोग आदि पर पोस्टकार्ड तैयार किए गए हैं। 

chat bot
आपका साथी