विश्वासघात दिवस मनाने वाले कांग्रेसियों पर चलीं पुलिस की लाठियां

मोदी सरकार के चार साल पूरा होने पर राजधानी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर शनिवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Sat, 26 May 2018 08:32 PM (IST) Updated:Sun, 27 May 2018 12:24 AM (IST)
विश्वासघात दिवस मनाने वाले कांग्रेसियों पर चलीं पुलिस की लाठियां
विश्वासघात दिवस मनाने वाले कांग्रेसियों पर चलीं पुलिस की लाठियां

लखनऊ (जेएनएन)। मोदी सरकार के चार साल पूरा होने पर राजधानी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर शनिवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें एक दर्जन से अधिक कांग्रेसी नेताओं को हल्की चोटे आईं हैं। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर, विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू, विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने इन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि आज मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर जनता के साथ किए विश्वासघात के खिलाफ जिले-जिले ब्लाकस्तर तक प्रदर्शन किया।

मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर कांग्रेस ने शनिवार का दिन विश्वासघात दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान सभी जिलों में जिला व शहर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। लखनऊ में बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पहले पकौड़े तल कर बेचे। महिला कार्यकर्ताओं ने सब्जियों की माला पहनकर रसोई गैस सिलिंडर के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों के विरोध में बैलगाड़ी व तांगा में बैठकर प्रदर्शन के लिए निकल पड़े। कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी से परिवर्तन चौक होते हुए कांग्रेसी जैसे हजरतगंज हलवासिया मार्केट की तरफ बढ़े, पुलिस ने डीएम आवास के सामने बैरीकेडिंग कर इन्हें रोक लिया। इसके बाद कांग्रेसी सड़क पर धरना देने लगे। यातायात बाधित हो गया।

आखिर पुलिस ने उठा ही ली लाठी 

पुलिस ने पहले इन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन, वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बल प्रयोग कर खदेड़ा। लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें हजरतगंज कोतवाली ले जाकर निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। 

प्रदर्शन करने वालों में नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, फजले मसूद, श्यामकिशोर शुक्ल, विनोद चौधरी, डॉ. आरपी त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, अनुसुइया शर्मा, हनुमान त्रिपाठी, द्विजेंद्र त्रिपाठी, ओंकारनाथ सिंह, प्रमोद सिंह, सिद्धार्थप्रिय श्रीवास्तव, अमरनाथ अग्रवाल, विनोद मिश्र, आरपी सिंह, शिव पाण्डेय, अमित त्यागी, शैलेंद्र तिवारी, सिद्धिश्री, मुकेश सिंह चौहान, राजेश सिंह काली सहित कई अन्य शामिल थे। 

chat bot
आपका साथी