गर्दिश से सितारे निकालने को कांग्रेस के तीस स्टार प्रचारक मैदान में, जान‍िए कौन-कौन है ल‍िस्‍ट में

सात सीटों पर जीत के लिए पूरा दम लगाएगी पार्टी। कांग्रेस के रणनीतिकार मानते हैं कि पार्टी को दोबारा खड़ा करने के लिए उत्तरप्रदेश में जीत बहुत जरूरी है। इसी वजह से प्रियंका वाड्रा ने यहां की कमान अपने हाथ में रखी है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 17 Oct 2020 09:28 PM (IST) Updated:Sun, 18 Oct 2020 05:56 AM (IST)
गर्दिश से सितारे निकालने को कांग्रेस के तीस स्टार प्रचारक मैदान में, जान‍िए कौन-कौन है ल‍िस्‍ट में
जातीय समीकरणों के लिहाज से भी स्टार प्रचारक इसमें रखे गए हैं।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तरप्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव कांग्रेस के लिए बहुत अहम हैं। एक वर्ष से अधिक समय से यूपी की राजनीति में सक्रिय राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा की नेतृत्व क्षमता का रिहर्सल होने जा रहा है। ऐसे में चुनाव परिणामों पर 'प्रियंका इम्पैक्ट' दिखाने के लिए पार्टी ने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा समेत तीस स्टार प्रचारक बनाए हैं। कांग्रेस के रणनीतिकार मानते हैं कि पार्टी को दोबारा खड़ा करने के लिए उत्तरप्रदेश में जीत बहुत जरूरी है। इसी वजह से प्रियंका वाड्रा ने यहां की कमान अपने हाथ में रखी है और संगठन के छोटे से छोटे पदाधिकारी की नियुक्ति से लेकर हर रणनीति उन्हीं के फैसले से बन रही है।

न सिर्फ 2022 का विधानसभा चुनाव, बल्कि अभी सात सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में भी प्रियंका के राजनीतिक कौशल की परख होनी है। चूंकि, विभिन्न कारणों से रिक्त हुई इन सीटों में से पार्टी पिछले चुनाव में एक पर भी नहीं जीती थी। देवरिया, बांगरमऊ, घाटमपुर, नौगवां सादात, बुलंदशहर और टूंडला सीट पर भाजपा जीती थी, जबकि मल्हनी से सपा के पारसनाथ यादव जीते थे। अब इस चुनाव में कांग्रेस जो भी जीते, वह बोनस और भविष्य की संभावना का आधार बनेगी। हां, यदि एक भी सीट पर जीत नहीं मिली तो यहां कांग्रेस के लिए झटका होगा और प्रियंका पर टिकी उम्मीदों पर भी हताशा की खरोंच होगी। लिहाजा, पार्टी पूरी ताकत झोंकने के मूड में है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित कुल 30 स्टार प्रचारकों की सूची शनिवार को जारी की गई है। इसमें प्रदेश के अधिकांश बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं, साथ ही जातीय समीकरणों के लिहाज से भी स्टार प्रचारक इसमें रखे गए हैं।

यह होंगे स्टार प्रचारक

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ल, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद, प्रदीप जैन आदित्य, सांसद पीएल पुनिया, राज बब्बर, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व एमएलसी विवेक बंसल, कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह, विधायक सोहेल अंसारी, अल्संख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन नदीम जावेद, पूर्व सांसद राजा राम पाल, राशिद अल्वी, चौ. बिजेंद्र सिंह, हरेंद्र मलिक, बीएल खाबरी, बाल कुमार पटेल, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री आरके चौधरी, पूर्व विधायक अजय राय, गजराज सिंह, इमरान मसूद, आचार्य प्रमोद कृष्णम, इमरान प्रतापगढ़ी और पूर्व सांसद राकेश सचान। 

chat bot
आपका साथी