संघ प्रमुख ने लगाई भाजपा नेताओं की क्लास

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को भाजपा विधायकों, नेताओं व संगठन मंत्री की जमकर क्लास लगाई। गंगा में मूर्ति विसर्जन के मुद्दे पर काशी के संतों पर हुए लाठीचार्ज और फिर 'अन्याय प्रतिकार यात्रा' के प्रति स्थानीय भाजपा नेताओं की उदासीनता पर संघ प्रमुख ने

By Nawal MishraEdited By: Publish:Thu, 08 Oct 2015 08:19 PM (IST) Updated:Fri, 09 Oct 2015 09:58 AM (IST)
संघ प्रमुख ने लगाई भाजपा नेताओं की क्लास

लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को भाजपा विधायकों, नेताओं व संगठन मंत्री की जमकर क्लास लगाई। गंगा में मूर्ति विसर्जन के मुद्दे पर काशी के संतों पर हुए लाठीचार्ज और फिर 'अन्याय प्रतिकार यात्रा' के प्रति स्थानीय भाजपा नेताओं की उदासीनता पर संघ प्रमुख ने गहरी नाराजगी जताई।

वाराणसी के महमूरगंज स्थित संघ कार्यालय में महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा के नेतृत्व में आए संतों से मुलाकात के बाद भागवत ने स्थानीय सभी भाजपा विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, संगठन मंत्री सहित अन्य नेताओं को तलब किया। संघ प्रमुख का फरमान मिलते ही पार्टी में भूचाल आ गया। सभी बड़े नेता आनन-फानन संघ कार्यालय पहुंचे। सरसंघ चालक ने जब विधायकों व संगठन मंत्री से गंगा में मूर्ति विसर्जन मुद्दे पर संतों व आस्थावानों के आंदोलन के प्रति उदासीनता का कारण पूछा तो वे निरूत्तर दिखे। संघ प्रमुख ने कई सवाल उठाए और जानना चाहा कि किन परिस्थितियों में स्थानीय भाजपा ने यह रवैया अपनाया। इसका नेताओं के पास कोई संतोषजनक उत्तर नहीं था। संघ प्रमुख ने तल्ख शब्दों में हिदायत देते कहा कि अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाएं। जन सरोकार के विषयों का समाधान प्राथमिकता के साथ करें।

इसके पूर्व सुबह संघ प्रमुख ने काशी में शाखाओं की स्थिति की जानकारी हासिल की। वह कुछ शाखाओं पर भी गए और वहां स्वयंसेवकों की संख्या बल बढ़ाने पर जोर दिया। रामनगर पहुंचकर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का आनंद लिया।

डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा

संघ प्रमुख की नाराजगी के तत्काल बाद भाजपा नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। स्थानीय भाजपा विधायकों व विधान परिषद सदस्य ने आनन-फानन प्रेसवार्ता कर सफाई दी और अपना पक्ष रखा। इन नेताओं ने संतों के आंदोलन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने, आस्थावानों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस होने तक संघर्ष करने की घोषणा की।

chat bot
आपका साथी