लखनऊ में डाक्टर को दुबई का टूर पैकेज देने के नाम ठगी, थमाया फर्जी हवाई जहाज का टिकट

पीड़‍ित डाक्टर ने पत्नी को भी साथ ले जाने के लिए कहा। इस पर जालसाज ने कहा कि वह बिजनेस क्लास का एयर टिकट कराकर दोनों लोगों का मेल कर रहा है। डाक्टर ने बताया कि जालसाज ने उनसे कहा कि पत्नी के रुपये उन्हें पहले देने होंगे।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Wed, 10 Nov 2021 02:31 PM (IST) Updated:Wed, 10 Nov 2021 02:31 PM (IST)
लखनऊ में डाक्टर को दुबई का टूर पैकेज देने के नाम ठगी, थमाया फर्जी हवाई जहाज का टिकट
महानगर के एक एमडी फिजीशियन को दुबई की कांफ्रेंस में भेजने के नाम पर ठगा।

लखनऊ, जागरण संंवाददाता। शहर के नामचीन कार्डियोलाजिस्ट डाक्टर को परिवार के साथ कांफ्रेंस में दुबई के टूर पैकेज का झांसा देकर जालसाज ने तीन लाख से अधिक रुपये ठग लिए। पीड़ित डाक्टर ने जेसीपी क्राइम के दफ्तर में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। डाक्टर के मुताबिक वह महानगर विज्ञानपुरी स्थित एक अपार्टमेंट में रहते हैं। बीते दो नवंबर को उनके पास एक फोन आया। उसने खुद को नामचीन फार्मा कंपनी ग्लेनमार्क का अधिकारी विशाल पांडेय बताया और कहा कि दुबई में कांफ्रेंस होनी है। आपको यह टूर पैकेज दिया जा रहा है।

पीड़‍ित डाक्टर ने अपनी पत्नी को भी साथ ले जाने के लिए कहा। इस पर जालसाज ने हामी भर दी और कहा कि वह बिजनेस क्लास का एयर टिकट कराकर दोनों लोगों का मेल कर रहा है। दुबई के होटल और अन्य डिटेल दे रहा है। डाक्टर ने बताया कि जालसाज ने उनसे कहा कि पत्नी के रुपये उन्हें पहले देने होंगे। बाद में कंपनी वापस कर देगी। इस पर डाक्टर ने पेटीएम से 3.18 लाख रुपये का भुगतान किया। दो दिन बाद जालसाज ने डाक्टर को एयर टिकट वाट्सएप किया। डाक्टर ने जब एक ट्रेवेल एजेंसी को टिकट भेजा तो पता चला कि वह फर्जी है। इस पर उन्होंने विशाल पांडेय को फोन कर आपत्ति जताई तो उसने गाली-गलौज कर धमकी दी और फोन काट दिया। इसके बाद जब उन्होंने जालसाज के द्वारा भेजी गई मेल देखी तो उस पर ग्लेनमार्क फार्मा कंपनी के नाम से मिलता जुलता ही डोमेन लोगो लगा था। तब उन्हें जालसाजी की जानकारी हुई। डाक्टर की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पेटीएम से भुगतान के समय पेमेंट फेल बताता और खाते से निकल गए रुपये : डाक्टर के मुताबिक उन्होंने पेटीएम से विशाल को कई बार में पेमेंट किया। पेमेंट फेल बताता रहा। अगले दिन देखा तो पता चला कि खाते से सारे रुपये निकल गए। डाक्टर ने यह जानकारी अपने एक मित्र समर सिंह को दी। मित्र ने जालसाज के नंबर पर वीडियो काल की और उसकी रिकार्डिंग कर ली। जिससे जालसाज की फोटो भी आ गई।

chat bot
आपका साथी