UP By Election Result 2020: छह सीटों पर भाजपा का परचम, एक पर सिमटी सपा, बसपा-कांग्रेस का नहीं खुला खाता

UP By Election Result 2020 उत्तर प्रदेश में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जनता ने योगी सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कामकाज नीति-नीयत पर भरोसे की मुहर लगाई है। तमाम चुनौतियों के बावजूद भाजपा ने 2017 में जीती छह सीटों पर फिर जीत हासिल की है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 10 Nov 2020 09:53 PM (IST) Updated:Wed, 11 Nov 2020 10:47 PM (IST)
UP By Election Result 2020: छह सीटों पर भाजपा का परचम, एक पर सिमटी सपा, बसपा-कांग्रेस का नहीं खुला खाता
छह सीटों पर भाजपा का परचम, एक पर सिमटी सपा, बसपा और कांग्रेस का नहीं खुला खाता

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना वायरस संक्रमण, अपराध और बेरोजगारी जैसे सारे विपक्षी हथियार आखिरकार भोथरे साबित हुए। उत्तर प्रदेश में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जनता ने योगी सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कामकाज, नीति और नीयत पर भरोसे की मुहर लगाई है। तमाम चुनौतियों के बावजूद भाजपा ने 2017 में जीती छह सीटों पर फिर जीत हासिल की है, जबकि सपा बढ़ने के बजाए अपनी एक सीट ही बचा पाई। मतदाता ने बसपा और कांग्रेस को सिरे से खारिज कर दिया, जो कि खाता भी न खोल सकीं।

विभिन्न कारणों से खाली हुईं उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ, जिसके नतीजे मंगलवार को घोषित हुए। इसमें छह सीट नौगावां सादात, बांगरमऊ, घाटमपुर, देवरिया, बुलंदशहर और टूंडला पर फिर भाजपा ने जीत हासिल कर संदेश दे दिया कि विपक्षी दलों के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव की राह अभी भी मुश्किल ही है।

कोरोना संक्रमण के चलते आई तमाम विपरीत परिस्थितियों में अपने फैसलों से सरकार मतदाताओं में भरोसा कायम रखने में कामयाब रही तो भाजपा का संगठनात्मक कौशल भी बेहतर परिणाम के रूप में सामने आया है। वहीं, सपा मल्हनी सीट 2017 की तरह फिर बचाने में सफल रही है। बसपा और कांग्रेस के पास इनमें से कोई सीट नहीं थी। बसपा के हिस्से का वोट इस चुनाव में और खिसक गया, जबकि छह सीटों पर लड़ी कांग्रेस खाली हाथ रहते हुए सिर्फ इस सुकून में है कि वह दो सीटों घाटमपुर और बांगरमऊ पर रनरअप का पायदान छू सकी।मल्हनी में निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह सपा के पसीने छुड़ाते रहे और दूसरे स्थान पर रहे।

उल्लेखनीय है कि नौगावां सादात सीट पूर्व मंत्री चेतन चौहान के निधन से, वहीं घाटमपुर सीट पूर्व मंत्री कमल रानी वरुण के निधन से रिक्त हुई। इसके अलावा देवरिया में भाजपा के पूर्व विधायक जन्मेजय सिंह, बुलंदशहर में वीरेंद्र सिंह सिरोही और मल्हनी में सपा के पारसनाथ यादव के निधन पर उपचुनाव हुआ। टूंडला सीट भाजपा के एसपी बघेल द्वारा इस्तीफा देकर लोकसभा में जाने और बांगरमऊ में दुष्कर्म के आरोप में सजा पाए कुलदीप सेंगर की विधायकी रद्द होने के कारण सीट खाली हुई।

नाम : विजेता : प्रत्याशी : वोट बांगरमऊ : श्रीकांत कटियार : भाजपा : 71381 बुलंदशहर: ऊषा सिरोही : भाजपा : 88645 देवरिया : डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी : भाजपा : 68732 घाटमपुर : उपेंद्रनाथ पासवान : भाजपा : 60405 मल्हनी : लकी यादव : सपा : 73468 नौगावां सादात : संगीता चौहान : भाजपा : 86692 टूंडला : प्रेमपाल सिंह धनगर : भाजपा : 72950

पार्टी वोट फीसद भाजपा : 36.73 सपा : 23.61 बसपा : 18.97 कांग्रेस : 7.53

यह भी पढ़ें : बीजेपी की जीत पर बोले सीएम योगी- मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर

यह भी पढ़ें : जीत से भाजपा का बढ़ा हौसला, मिशन-2022 के लिए और मजबूत हुई नींव

यह भी पढ़ें : फिर फुस्स रहा सपा-रालोद गठबंधन, पश्चिमी यूपी की जनता ने नकारा

chat bot
आपका साथी