आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे किनारे होगा थीम पार्क का निर्माण

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा थीम पार्क परियोजना पर जल्द से जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करते हुए परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा है।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Thu, 04 Feb 2016 10:07 PM (IST) Updated:Thu, 04 Feb 2016 10:17 PM (IST)
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे किनारे होगा थीम पार्क का निर्माण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा थीम पार्क परियोजना पर जल्द से जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करते हुए परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा है। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक बैठक में इस परियोजना की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने पर आगरा आने वाले पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा। वहीं बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आगरा थीम पार्क एक हजार एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये है, जिसका पहला चरण लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की धनराशि से पूरा कराया जाएगा। इस परियोजना को फिल्म अभिनेता संजय खान की किंगडम कंपनी तथा उप्र लघु उद्योग विकास निगम द्वारा एक संयुक्त उपक्रम के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से लगभग दो हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा लगभग 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। परियोजना का निर्माण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किनारे किया जाएगा। एक्सप्रेस-वे के समीप स्थित होने के कारण नई दिल्ली और लखनऊ की यात्रा करने वाले लोग भी थीम पार्क का भ्रमण कर सकेंगे।

मिलेगी इतिहास की झलक

आगरा थीम पार्क के माध्यम से देशी-विदेशी पर्यटकों को इंफोटेनमेंट के जरिए संपूर्ण भारतीय इतिहास की रुचिपूर्ण जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। योजना में सात शहरों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे, जिसका भ्रमण पर्यटक मोनो रेल से करेंगे। पर्यटक मोहनजोदड़ो तथा पाटलीपुत्र काल का भ्रमण करते हुए रामायण काल, महाभारत काल, गुप्त काल, मुगल काल और सन् 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम काल का भी भ्रमण करेंगे और इतिहास से रूबरू हो सकेंगे। परियोजना का स्वरूप डिजनीलैंड पर आधारित होगा। इसमें एक पांच सितारा होटल, स्मृति चिन्ह एवं स्मारिकाएं बेचने वाली दुकानें भी स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा 'स्वयंवर' नामक एक क्षेत्र भी होगा, जहां पर थीम आधारित विवाह समारोह कराए जा सकेंगे।

एक और जहाज खरीदेगी अखिलेश सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार एक और हवाई जहाज खरीदने जा रही है। इसके लिए नागरिक उड्यन विभाग की प्रमुख सचिव व महानिदेशक अनीता सिंह के नेतृत्व में एक पांच सदस्यीय दल 16 से 21 फरवरी के बीच सिंगापुर जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल प्रदेश सरकार ने सुपर किंग एयर बी-250 हवाई जहाज तथा बेल-412 ईपीआई हेलीकाप्टर खरीदा था। अब सरकार एक और हवाई जहाज खरीदना चाहती है। सिंगापुर में 16 से 21 फरवरी के बीच एशिया के सबसे बड़े एयर शो का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दुनिया भर की वायुयान बनाने वाली कंपनियां अपने जहाजों व हेलीकाप्टर का प्रदर्शन करेंगी। अमेरिका की जहाज बनाने वाली कंपनी मेसर्स टैक्स्ट्रान एविएशन भी इस प्रदर्शनी में हिस्सा ले रही है और इसके निमंत्रण पर उत्तर प्रदेश का दल सिंगापुर जा रहा है। एयर शो के दौरान विभिन्न कंपनियों के जहाज देखने का भी अवसर मिलेगा जिससे प्रदेश सरकार को अपनी पसंद का जहाज चुनने में मदद मिलेगी। सिंगापुर जाने वाले दल में नागरिक उड्डयन विभाग की प्रमुख सचिव के अलावा विभाग के सचिव, निदेशक, प्रबंधक परिचालन व मुख्य अभियंता भी शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी