यूपी में बढ़े 13 लाख मतदाता, पुनरीक्षण अभियान के बाद वोटरों की संख्या पहुंची 14.52 करोड़

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्तर प्रदेश में 18-19 वर्ष की आयु के कुल 5.63 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 16 Feb 2020 06:43 PM (IST) Updated:Sun, 16 Feb 2020 06:46 PM (IST)
यूपी में बढ़े 13 लाख मतदाता, पुनरीक्षण अभियान के बाद वोटरों की संख्या पहुंची 14.52 करोड़
यूपी में बढ़े 13 लाख मतदाता, पुनरीक्षण अभियान के बाद वोटरों की संख्या पहुंची 14.52 करोड़

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में अब 14.52 करोड़ वोटर हो गए हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में 13 लाख मतदाता और बढ़ गए हैं। पहले कुल मतदाताओं की संख्या में 14.39 करोड़ थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक चलाया गया था। इसके बाद दावे व आपत्तियों का निस्तारण कर नई वोटर लिस्ट का प्रकाशन शुक्रवार को किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि इस पुनरीक्षण में उत्तर प्रदेश में 18-19 वर्ष की आयु के कुल 5.63 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी स्नातक और परास्नातक शिक्षण संस्थानों में वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष स्थापित किए गए थे। इसके परिणाम स्वरूप वोटर लिस्ट में 18-19 वर्ष की आयु के कुल मतदाताओं की संख्या अब 14.69 लाख हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साफ किया कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी मतदाता बनने का काम जारी रहेगा।

दस लाख महिला मतदाता बढ़ीं

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 10 लाख महिला मतदाता बढ़ गईं हैं। पहले कुल मतदाताओं में 6.60 करोड़ महिला मतदाता थीं अब यह संख्या बढ़कर 6.70 करोड़ हो गई है। साथ ही महिला मतदाताओं के अनुपात में भी सुधार हुआ है। प्रति एक हजार पुरूषों में 847 महिलाएं थीं, अब अब प्रति एक हजार पुरूषों में 849 महिला मतदाता हो गईं हैं।

8.89 लाख मतदाताओं के नाम कटे

पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची में 8.89 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इनमें डुप्लीकेट, मृत, दूसरे स्थानों में जाने वाले मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 8.90 लाख है। प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ गई है। पहले 1,63,332 मतदान केंद्र थे जो अब बढ़कर 1,63,494 हो गए हैं। यानी प्रदेश में 162 मतदान केंद्र और बढ़ गए हैं।

chat bot
आपका साथी