बनटुकरा में भी विभाग ने लगाए तीन कैमरे, कांबिग जारी

डब्ल्यूटीआइ की टीम भी यहां पहुंच चुकी है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 10:33 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 10:33 PM (IST)
बनटुकरा में भी विभाग ने लगाए तीन कैमरे, कांबिग जारी
बनटुकरा में भी विभाग ने लगाए तीन कैमरे, कांबिग जारी

लखीमपुर : बेलागढ़ी के ग्राम बनटुकरा में वन विभाग ने सोमवार को तीन कैमरे लगा दिए हैं। इसके अलावा सुबह से ही यहां खेतों और जंगल में सघन कांबिग की गई जो दोपहर तक चली। पिजरा भी मंगा लिया गया है, जो मंगलवार को लगाया जाएगा। डब्ल्यूटीआइ की टीम भी यहां पहुंच चुकी है।

रविवार को इस गांव में तेंदुए ने साहबदीनपुरवा निवासी नेकराम के 13 वर्षीय पुत्र चंदन को मार दिया था। इससे पहले पास के गांव चकदहा में पुतान के पुत्र ब्रजेश को भी तेंदुआ मार चुका है। एक ही इलाके में 15 दिन के भीतर दो घटनाएं होने से लोग दहशत में हैं। शनिवार तक चकदहा में कैमरा और पिजरा लगाकर तेंदुए की ताक में बैठे वन विभाग के लिए बनटुकरा की घटना बड़ा झटका थी। इसके बाद अब विभाग ने रणनीति बदलते हुए चकदहा और बेलागढ़ी के आसपास पांच किलोमीटर एरिया पर फोकस किया है। इस इलाके में कांबिग के दौरान तेंदुए के साथ भेड़ियों के भी पगमार्क मिले हैं। लेकिन, दो बच्चों के हत्यारे तेंदुए का साया तक नहीं दिखा। माना जा रहा है कि तेंदुआ बेहद शातिर है। वह चकदहा में पिजरों के पास आकर लौट गया और बनटुकरा में दूसरा शिकार कर लिया। रविवार को तेंदुए के साथ दो बच्चे भी देखे जाने का ग्रामीणों ने दावा किया था। लेकिन, विभाग इस बात पर अभी असमंजस में है। वह क्षेत्र में कांबिग टीम का नेतृत्व कर रहे फॉरेस्टर सत्यप्रकाश का कहना है कि बनटुकरा में मंगलवार तक पिजरा लगा दिया जाएगा। इसके अलावा तेंदुए के पकड़े जाने तक कांबिग जारी रहेगी।

chat bot
आपका साथी