संदिग्ध हालात में लगी आग से झुलसा किशोर, मौत
झींझक,संवाद सूत्र: मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुडेरा किन्नर सिंह गांव में गुरुवार की मध्यरात्रि के बाद संदिग्ध हालात में लगी आग से एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मुडे़रा किन्नर सिंह गांव के शिव कुमार का पुत्र अनुज उर्फ अनुराग (14) गुरुवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। परिजनों के अनुसार उसके कमरे में रात में दीपक जल रहा था। मध्यरात्रि के बाद करीब 3 बजे संदिग्ध हालात में दीपक सो रहे अनुज के ऊपर गिरा। इससे उसके कपड़ों में आग लग गई। इतना ही नहीं आग की चपेट में आकर अनुज भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसके शोर मचाने पर दौड़े परिजनों ने आनन- फानन में आग बुझाई। इसके बाद परिजन उसे नाजुक हालत में इलाज के लिए सीएचसी लाए। यहां डॉ. नरेश कुमार ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया। लेकिन कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस पर परिजन शव को वापस गांव लाए। घर पर किशोर का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बेटे का शव देख उसकी मां रानी देवी गश खाकर गिर पड़ी। जबकि बड़ी बहन अनीता व छोटे भाई नितीश तथा अन्य परिजनों के बिलखने से कोहराम मच गया। मंगलपुर इंस्पेक्टर अंबरीष यादव ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों ने नहीं दी है। ग्रामीणों से मिली जानकारी पर पुलिस को गांव भेजकर छानबीन कराई जा रही है।