पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी जान दी, सामने आई ये वजह Kanpur News

कल्याणपुर के मसवानपुर में घटना के बाद लोगों में सनसनी फैल गई।

By Edited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 01:26 AM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2019 09:29 AM (IST)
पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी जान दी, सामने आई ये वजह Kanpur News
पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी जान दी, सामने आई ये वजह Kanpur News

कानपुर, जेएनएन। कल्याणपुर के मसवानपुर में 32 वर्षीय पंकज गौतम ने 27 वर्षीय गर्भवती पत्नी नेहा को तमंचे से गोली मार दी और फिर छत पर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद दोनों के स्वजन पहुंचे और घायल युवती को एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले गए। वहीं पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

घंटाघर, स्वरूप नगर निवासी नेहा की शादी फरवरी में ठेके पर कपड़ों की सिलाई करने वाले मसवानपुर निवासी पंकज के साथ हुई थी। शुक्रवार को पंकज की मां मुन्नी लक्ष्मीपुरवा निवासी बड़ी बेटी विजय लक्ष्मी के घर गई थीं। घर पर पंकज और नेहा के अलावा पंकज का छोटा भाई पवन और छोटी बहन संगीता मौजूद थीं। मायके जाने को लेकर शुरू हुए विवाद और मारपीट के बाद पंकज ने तमंचे से नेहा के दाहिनी ओर कनपटी ने गोली मार दी। पत्नी को गोली मारने के बाद पंकज भागकर छत पर गया और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। झगड़े की सूचना देने पवन जब नेहा के मायके से लौटा तो दोनों खून से लथपथ थे। नेहा की सांसे चल रही थी।

आनन-फानन में नेहा का भाई राहुल उसे गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल (हैलट) लेकर पहुंचा। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसपी पश्चिम अनिल कुमार, सीओ कल्याणपुर अजय कुमार फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तमंचा और खोखा बरामद किया है। एसपी पश्चिम अनिल कुमार ने बताया कि आवेश में आकर पंकज ने घटना को अंजाम दिया है। विवाहिता के परिजनों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

कहां से आया तमंचा

पंकज को मोहल्ले वाले बहुत सीधा बता रहे हैं। मोहल्ले वालों के अनुसार कभी किसी से उसका कोई विवाद भी नहीं हुआ। वहीं घर में तमंचा होना उसके आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने का इशारा कर रहा है।

रोटियां बनी और प्याज कटा रखा

घर में जिस वक्त दंपती के बीच विवाद शुरू हुआ उस समय लगभग खाना बन रहा था। पुलिस को रसोई में रोटियां बनी रखी और प्याज कटा मिला। जिससे जाहिर है कि सब्जी बनाने की तैयारी हो रही थी। इसी बीच दोनों के बीच विवाद हो गया।

chat bot
आपका साथी