कानपुर में कल तक दूर होगा पानी का संकट, इस वजह से बंद पड़ा है गंगा बैराज प्लांट

कानपुर का गंगा बैराज प्लांट पिछले चार दिनों से लीकेज समस्या के कारण बंद है। इस वजह से कानपुर की एक बड़ी आबादी को जल संकट से गुजरना पड़ रहा है। जल निगम ने लीकेज ठीक करके 25 तारीख से जलापूर्ति का आश्वासन दिया है।

By Abhishek VermaEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 03:26 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 03:26 PM (IST)
कानपुर में कल तक दूर होगा पानी का संकट, इस वजह से बंद पड़ा है गंगा बैराज प्लांट
कानपुर में लीकेज की वजह से गंगा बैराज प्लांट चार दिन से बंद है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। गंगा बैराज प्लांट से जुड़े मैकराबर्टगंज और पीपीएन मार्केट में लीकेज जल निगम की टीम ने ठीक करना शुरू कर दिया है। 25 जनवरी मंगलवार को जल निगम के अफसरों ने जलापूर्ति करने का दावा किया है। बुधवार से लीकेज होने के कारण चार दिन से बैराज प्लांट बंद पड़ा है। इसके चलते दस लाख लोग पीने के पानी के लिए जूझ रहे हैं। वहीं हर्षनगर में शनिवार को लीकेज के कारण सड़क धंस गई थी उसको जल निगम और जलकल की टीम ने रात में ही ठीक कर दिया और गड्ढा भर दिया है। वहीं ईदगाह चौराहा पर पाइप लाइन ठीक हो जाने के बाद अब टूटा डाट नाला ठीक करने का काम नगर निगम ने शुरू कर दिया है। अभी एक पखवारा सड़क दुरुस्त होने में लगेगा। जल निगम ने पीपीएन मार्केट के पास लीकेज रविवार को शाम तक ठीक कर दिया है। वहीं मैकराबर्टगंज में लीकेज ठीक करने का काम चल रहा है। 

जल निगम के सहायक अभियंता मोहम्मद अजमल ने बताया कि सोमवार तक लीकेज ठीक हो जाएगा। मंगलवार से बैराज प्लांट से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। वहीं ईदगाह चौराहा के पास जलकल ने शुक्रवार को पाइप लाइन ठीक कर दी थी। लाइन टूटी होने के कारण बीस लाख जनता को दो दिन पानी के लिए जूझना पड़ा था। शनिवार से जलापूर्ति बहाल हो गई है। अब डाट नाला ठीक होना बाकी है। मुख्य अभियंता एसके सिंह ने बताया कि एक पखवारे में डाट नाला ठीक करके गड्ढा भर दिया जाएगा।

यहां पर अभी भी बरकरार है जल संकट 

विष्णुपुरी, गीतानगर, शारदानगर, सर्वोदय नगर, काकादेव, पांडुनगर, नवाबगंज, आजाद नगर, फूलबाग, कुरसवां, पटकापुर, बेकनगंज, रामबाग, कृष्णानगर, निराला नगर, साकेत नगर, बर्रा समेत कई इलाकों में अभी पीने के पानी का सकंट है। लोग हैंडपंप और सबमर्सिबल पंप से पानी भरने को मजबूर है।

chat bot
आपका साथी