नगर निगम के जोनल कार्यालय में दो बोरी सिक्के लेकर पहुंच गया व्यापारी, जानिए फिर क्या हुआ Kanpur News

व्यापारी को 68 हजार रुपये जमा करना था हाउस टैक्स नगर निगम जोन तीन में दो घंटे तक गिनते रहे कर्मचारी।

By AbhishekEdited By: Publish:Fri, 27 Dec 2019 03:23 PM (IST) Updated:Fri, 27 Dec 2019 03:23 PM (IST)
नगर निगम के जोनल कार्यालय में दो बोरी सिक्के लेकर पहुंच गया व्यापारी, जानिए फिर क्या हुआ Kanpur News
नगर निगम के जोनल कार्यालय में दो बोरी सिक्के लेकर पहुंच गया व्यापारी, जानिए फिर क्या हुआ Kanpur News

कानपुर, जेएनएन। तमाम लोग जहां ज्यादा संख्या में सिक्के लेने से कतराते हैं, वहीं किदवई नगर के एक कारोबारी ने हाउस टैक्स के लिए नगर निगम के जोन तीन में 68 हजार रुपये के सिक्के जमा किए। दो बोरी में भरे सिक्कों को गिनने में लगे कर्मचारियों को दो घंटे लग गए।

नगर निगम ने दस दिन पहले भेजा था नोटिस

जूही बिनोबा नगर निवासी कुमार अग्रवाल का दो साल का गृहकर 68 हजार रुपये बकाया था। 10 दिन पहले नगर निगम ने डिमांड नोटिस जारी की थी। टैक्स जमा करने के लिए उनके परिवार के सदस्य प्रकाश कुमार अग्रवाल अपने वाहन में दो बोरी सिक्के लेकर नगर निगम जोन तीन दफ्तर पहुंचे। सिक्कों से भरी बोरियां देखकर कर्मचारी हैरान हो गए। कैशियर शिवम ने सिक्के लेने से मना कर दिया तो प्रकाश जोनल अधिकारी आरएस पटेल के पास गए और सिक्कों के जरिए भुगतान करने की बात कही। जोनल अधिकारी के निर्देश पर शिवम ने सिक्के जमा किए। सिक्के गिनने में नगर निगम के आठ कर्मचारी लगे। सिक्के गिनने में उन्हें दो घंटे लगे। सबसे ज्यादा 10 रुपये के सिक्के थे। पांच रुपये, दो रुपये व एक रुपये के सिक्के भी निकले।

बैंक ने लेने से की आनाकानी

नगर निगम ने 68 हजार रुपये के इन सिक्कों को तो जमा कर लिया लेकिन, जब खुद से जुड़े बैंक को सिक्के लेने के लिए कहा तो वहां मना कर दिया गया। नगर निगम के अधिकारियों ने एफआइआर दर्ज कराने की बात कही दी तो बैंक स्टाफ जोन तीन कार्यालय आकर सिक्के ले गया।

इनका ये है कहना

जूही विनोवा नगर के प्रकाश कुमार ने गृहकर में 68 हजार रुपये के सिक्के जमा किए हैं। इन्हें गिनने में बहुत परेशानी हुई। इन्हें बैंक में जमा करा दिया गया है।

-आरएस पटेल, जोनल अधिकारी नगर निगम जोन तीन कार्यालय।  

chat bot
आपका साथी