प्रोटोकॉल तोड़कर डीआइजी से मिलीं कानपुर की महापौर, बोलीं-चकेरी एसओ को तत्काल हटाएं

कानपुर महानगर की महापौर प्रमिला पांडेय की बात सुनने के बाद डीआइजी प्रीतिंदर सिंह ने कहा-आप ना जाया करें किसी भी कार्रवाई के लिए अफसरों को भेजें। वहीं पार्षदों ने डीआइजी से महापौर के लिए सुरक्षा की मांग की है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 19 Dec 2020 07:38 AM (IST) Updated:Sat, 19 Dec 2020 07:38 AM (IST)
प्रोटोकॉल तोड़कर डीआइजी से मिलीं कानपुर की महापौर, बोलीं-चकेरी एसओ को तत्काल हटाएं
कानपुर महानगर की महापौर ने नाराजगी जताई।

कानपुर, जेएनएन। चकेरी में चट्टों पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची नगर निगम की टीम पर हुए पथराव से नाराज महापौर प्रमिला पांडेय प्रोटोकॉल तोड़कर खुद डीआइजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह से मिलने पहुंचीं। उन्होंने मामले में चकेरी थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध बताकर उन्हें हटाने के लिए कहा। उनके साथ गए पार्षदों ने महापौर के लिए सुरक्षा मांगी, वहीं डीआइजी ने महापौर से आग्रह किया कि ऐसी कार्रवाई में वह ना जाया करें, बल्कि अधिकारियों को भेजें।

चकेरी के गदियाना में महापौर नगर निगम के दस्ते के साथ चट्टे हटाने पहुंची थीं। इस बीच उन पर पथराव हो गया था। एक पत्थर लगने से वह भी चुटहिल हो गईं थीं। शुक्रवार को महापौर इस मामले में डीआइजी से मिलने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि चकेरी के थानाध्यक्ष की भूमिका पूरे घटनाक्रम के दौरान ठीक नहीं थी। वह सक्रियता दिखाते तो विवाद ही नहीं होता।

डीआइजी ने जब उनसे ऐसे अभियानों में अफसरों को भेजने का आग्रह किया तो महापौर ने कहा कि अधिकारी मौके पर कहीं जा ही नहीं रहे। महापौर ने कहा कि एक सप्ताह के लिए वह नहीं जाएंगी, देखें कितने कार्य होते हैं। इस दौरान उनके साथ पार्षद विकास जायसवाल, दीपक शर्मा, अनूप शुक्ला, यशपाल ङ्क्षसह, सौरव देव, नवीन पंडित, जितेंद्र सचान, पप्पू पांडेय, अरविंद यादव, गुरु नारायण गुप्ता, अजय पांडेय, मेनका सेंगर, दिनेश तिवारी रहे।

सोहिल अंसारी भी मिलने पहुंचे

महापौर प्रमिला पांडेय से मिलने उनके आवास पर विधायक सोहिल अंसारी भी पहुंचे। उनके साथ पूर्व पार्षद अहसान भी थे, जिन पर गुरुवार को विवाद भड़काने का आरोप लगा था। सोहिल अंसारी ने महापौर से आग्रह किया कि अहसान पर कार्रवाई ना कराएं। इस पर महापौर ने कहा कि जो भी नियमानुसार होगा, वही किया जाएगा। वहीं भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा भी महापौर का हालचाल लेने पहुंचे।

chat bot
आपका साथी