सड़क हादसे में कार सवार पूर्व कांग्रेस विधायक की मौत, चालक जख्मी

कन्नौज तिर्वां से इंदरगढ़ जाते समय अगौस के पास कार से नीलगाय टकराने से हादसा हुआ।

By AbhishekEdited By: Publish:Thu, 29 Nov 2018 06:15 PM (IST) Updated:Thu, 29 Nov 2018 06:15 PM (IST)
सड़क हादसे में कार सवार पूर्व कांग्रेस विधायक की मौत, चालक जख्मी
सड़क हादसे में कार सवार पूर्व कांग्रेस विधायक की मौत, चालक जख्मी

कन्नौज, जेएनएन। तिर्वां से इंदरगढ़ जा रहे पूर्व कांगेस विधायक की कार सड़क पर अचानक सामने आई नील गाय से टकरा गई। हादसे में कार सवार पूर्व विधायक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पूर्व विधायक की मौत की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। गांव में जानकारी होते ही लोग शोकाकुल हो गए।

इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सुखसेनपुर गांव निवासी कांग्रेस के पूर्व विधायक कुंवर योगेंद्र प्रताप सिंह (91) कार से तिर्वां गए। कार को गांव के प्रमोद कुमार चला रहे थे। गुरुवार दोपहर बाद तिर्वा से लौटते समय रास्ते में आगौस गांव के सामने कार से नीलगाय टकरा गई। हादसे में पूर्व विधायक व चालक जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने निजी वाहन से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पूर्व विधायक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया।

उमर्दा विधानसभा क्षेत्र से बने थे विधायक

कुंवर योगेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1980 में उमर्दा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था और विधायक चुने गए थे। समाजसेवी कार्यों के चलते क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके बेटे अरविंद सिंह भी उमर्दा विधानसभा सीट से सपा से दो बार विधायक चुने गए। योगेंद्र प्रताप की मौत की जानकारी मिलते ही गांव व आसपास क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए देर शाम तक लोगों की भीड़ घर पर उमड़ती रही।

chat bot
आपका साथी