बिकरू कांड : अमर दुबे की पत्नी के मामले में दो फरवरी को सुनवाई, किशोर न्याय बोर्ड ने संरक्षक को बयान के लिए बुलाया

पुलिस ने अमर दुबे की पत्नी पर हत्या डकैती हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। विशेष न्यायालय दस्यु प्रभावित कोर्ट से मामले को किशोर न्याय बोर्ड स्थानांतरित कर दिया गया था। सुनवाई एक बार फिर से टल गई है। दो फरवरी तारीख दी गई है।

By Rahul MishraEdited By: Publish:Sat, 30 Jan 2021 08:11 PM (IST) Updated:Sat, 30 Jan 2021 08:11 PM (IST)
बिकरू कांड : अमर दुबे की पत्नी के मामले में दो फरवरी को सुनवाई, किशोर न्याय बोर्ड ने संरक्षक को बयान के लिए बुलाया
आरोपित अमर दुबे की पत्नी मामले की सुनवाई टल गई। प्रतीकात्मक चित्र

कानपुर, जेएनएन। बिकरू कांड में आरोपित अमर दुबे की पत्नी मामले की सुनवाई फिर टल गई। शनिवार को आरोपित पक्ष के अधिवक्ता किशोर न्याय बोर्ड पहुंचे लेकिन दो फरवरी की तिथि तय कर दी गई। अब सुनवाई में आरोपित के संरक्षक को बयान के लिए बुलाया गया है।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में बीती दो जुलाई की रात गैैंगस्टर विकास दुबे व उसके साथियों ने दबिश देने गई पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें आठ पुलिस कर्मी बलिदान हो गए थे। मामले में पुलिस ने अमर दुबे की पत्नी पर हत्या, डकैती, हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में चल रही थी।

जमानत याचिका खारिज होने के बाद बोर्ड ने मामले को विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित कोर्ट भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित पर फर्जी अभिलेख लगाकर सिम लेने का मुकदमा भी दर्ज कराया था। बाद में विशेष न्यायालय दस्यु प्रभावित कोर्ट से मामले को किशोर न्याय बोर्ड स्थानांतरित कर दिया गया था। शनिवार को तय तारीख पर मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि शनिवार को मामले की सुनवाई नहीं हो सकी है। बोर्ड ने दो फरवरी की तिथि सुनवाई के लिए नियत की है।  

chat bot
आपका साथी