कूड़े के उठते धुएं ने रोका रास्ता, जीटी रोड पर कई घंटे तक लगा रहा जाम

ईधन बचाने को नगर निगम कर्मियों ने नारामऊ को बनाया डंपिंग ग्राउंड, शाम तक सामान्य हुए हालात

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 01:57 AM (IST) Updated:Thu, 15 Nov 2018 10:24 AM (IST)
कूड़े के उठते धुएं ने रोका रास्ता, जीटी रोड पर कई घंटे तक लगा रहा जाम
कूड़े के उठते धुएं ने रोका रास्ता, जीटी रोड पर कई घंटे तक लगा रहा जाम

जागरण संवाददाता, कानपुर: शहर में प्रदूषण रोकने के अभियान को नगर निगम के कर्मचारी ही धुएं में उड़ा रहे हैं। रोक के बाद में कूड़े को धड़ल्ले से जलाया जा रहा है। बुधवार को एक बार फिर नारामऊ में निगम कर्मचारियों ने कूड़े में आग लगा दी। इससे उठते धुएं ने रास्ता रोक दिया। शाम तक यहां जाम के हालात बने रहे।

ईधन बचाने के लिए निगम कर्मियों ने नारामऊ जीटी रोड के किनारे ही डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। बुधवार को यहां कूड़े में आग लगा दी गई। इससे उठते धुएं ने वाहनों की रफ्तार रोक दी। थोड़ी ही देर में जाम के हालात बन गए। इसमें फंसे बच्चे और महिलाएं परेशान नजर आए। आग की जानकारी पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमित सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड फजलगंज से दो वाहन और जलकल के दो टैंकर मौके पर बुलाकर आग बुझवाई। देर शाम तक हालात सामान्य हुए।

सफाई नायक होगा निलंबित

नगर स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक क्षेत्र के सफाई नायक को निलंबित किया जाएगा। कूड़ा एकत्र होने की जानकारी क्यों नहीं दी। साथ ही कौन वाहन कूड़ा डाल रहा है उसको चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी।

यहीं हाल सीओडी पुल से रामादेवी तक

सीओडी पुल से रामादेवी चौराहा जीटी रोड तक ईधन बचाने के लिए कर्मचारियों ने डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। कई ट्रक कूड़ा एकत्रित है। अक्सर लोग यहां आग लगा देते हैं।

नगर निगम के कर्मचारी ही जला रहे कूड़ा, छह पर जुर्माना

कूड़ा जलाने से बढ़ रहे प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए अब नगर निगम ने अपने कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू की है। छह कर्मचारियों पर 200 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक के जुर्माने और वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई के लिए 28 अक्टूबर से चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 नवंबर तक 111 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। कई शिकायतों में नगर निगम के कर्मचारी ही कूड़ा जलाने के दोषी पाए गए हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने कूड़ा जलाने में चिह्नित किए गए दो कर्मचारियों से दो-दो सौ रुपये, एक से एक हजार रुपये और तीन कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिया है। इसके अलावा नागरिकों को कूड़ा न जलाने की चेतावनी दी गयी है। चिह्नित होने पर उनसे भी जुर्माना वसूला जाएगा। नगर आयुक्त ने सभी अफसरों को आदेश दिया है कि कूड़ा जलाते हुए मिलने पर तुरन्त जांच कर कार्रवाई की जाए।

वाट्सएप पर कूड़ा जलाने वाले की करें शिकायत

शहरवासी नगर निगम के वाट्सएप नंबर 8601805555 पर कूड़ा जलाने की शिकायत फोटो खींचकर दे सकते हैं।

chat bot
आपका साथी