पूर्व प्रधानमंत्री की याद में आंसुओं ने ढहा दीं दलीय दीवारें

अपनी सहृदयता से सभी के दिलों को जीतने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर भी सभी का दिल दुखा। भाजपा ने अपने दिवंगत प्रेरणास्त्रोत की अंतिम यात्रा का सीधा प्रसारण कार्यकर्ताओं को दिखाकर शोक सभा की।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Aug 2018 01:27 AM (IST) Updated:Sat, 18 Aug 2018 10:23 AM (IST)
पूर्व प्रधानमंत्री की याद में आंसुओं ने ढहा दीं दलीय दीवारें
पूर्व प्रधानमंत्री की याद में आंसुओं ने ढहा दीं दलीय दीवारें

जागरण संवाददाता, कानपुर : अपनी सहृदयता से सभी के दिलों को जीतने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर भी सभी का दिल दुखा। भाजपा ने अपने दिवंगत प्रेरणास्त्रोत की अंतिम यात्रा का सीधा प्रसारण कार्यकर्ताओं को दिखाकर शोक सभा की। वहीं, प्रतिद्वंद्वी दल सपा ने भी अटल जी के सम्मान में सभी कार्यक्रम निरस्त कर पार्टी कार्यालय में शोक सभा कर श्रद्धांजलि दी।

भाजपा उत्तर जिला इकाई ने नवीन मार्केट स्थित शिक्षक पार्क में श्रद्धांजलि सभा की। उससे पहले अटल जी की दिल्ली में निकाली गई अंतिम यात्रा से लेकर अंतिम संस्कार तक को एलईडी के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से देखा। श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, एमएलसी अरुण पाठक, गोपाल अवस्थी, रवींद्र पाटनी, सुनील बजाज, दिनेश राय, सत्येंद्र नाथ पांडेय, राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर, दीपक सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए।

इसी तरह भाजपा दक्षिण जिला इकाई ने गहोई भवन में अटल जी की अंतिम यात्रा का सीधा प्रसारण कार्यकर्ताओं को दिखाया। इसमें जिले से लेकर वार्ड स्तर तक के कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता और विधायक महेश त्रिवेदी ने अपने अनुभव साझा किए।

---

क्षेत्रीय कार्यालय में प्रार्थना सभा

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रार्थना सभा की गई। रामधुन के साथ अटल जी को याद किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री भवानी सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आलोक मिश्रा और मीडिया प्रभारी मोहित पांडेय भजन प्रस्तुत किया।

---

शोक में सपा, 20 को नहीं करेगी धरना प्रदर्शन

सरकार के खिलाफ सपा का धरना प्रदर्शन 20 अगस्त को कचहरी में प्रस्तावित था। मगर, अटल जी के निधन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर इसे स्थगित कर दिया गया। स्थानीय स्तर पर शुक्रवार को प्रस्तावित बैठकें भी निरस्त कर दी गई। कार्यालय में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। महानगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खां, वरुण मिश्रा, आशू खान, शैलेंद्र यादव, संजय सिंह, कुलदीप यादव, सोमेंद्र शर्मा, बंटी यादव आदि थे।

chat bot
आपका साथी