मासूम आर्या के कातिल चार दिन बाद भी पकड़ से दूर

मासूम आर्या के कातिल चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हत्या किसने और क्यों की इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है। हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के शक की सुई परिवारवालों पर भी घूम रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Feb 2020 05:46 PM (IST) Updated:Tue, 11 Feb 2020 05:46 PM (IST)
मासूम आर्या के कातिल चार दिन बाद भी पकड़ से दूर
मासूम आर्या के कातिल चार दिन बाद भी पकड़ से दूर

जासं, मड़ियाहूं (जौनपुर): मासूम आर्या के कातिल चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हत्या किसने और क्यों की इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है। हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस के शक की सुई परिवारवालों पर भी घूम रही है। सीओ का दावा है कि जल्द ही कातिलों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जायेगा।

सेउर मोतीपुर गांव निवासी योगेश मौर्य की पांच वर्षीय पुत्री आर्या की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के बाद घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर अरहर के खेत में फेंका गया शव शनिवार को सुबह मिला था। घटनास्थल को देखने से लग रहा था कि बालिका की हत्या तांत्रिक क्रिया के फेर में की गई। वह शुक्रवार की शाम करीब चार बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर योगेश मौर्या ने शुक्रवार की ही रात 10.30 बजे कोतवाली में लिखित सूचना दी। पुलिस गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर रात में ही खोजबीन में जुट गई थी। शव मिलने के बाद पुलिस व फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही बालिका के अभिभावकों व आस-पास के ग्रामीणों से पूछताछ की थी। मौके से तथ्य भी एकत्र किये थे। सुराग की तलाश में मदद के लिए खोजी कुत्ता भी बुलाया था। छानबीन में जुटी पुलिस घटना के चार दिन बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं पा सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ कर दिया गया है कि आर्या की हत्या शव पाये जाने के एक दिन पूर्व की गई थी। हत्या किसने और किस कारण से की, इसे लेकर अब भी अटकलों का दौर चल रहा है। जितने मुंह, उतनी बातें सुनने को मिल रही हैं। हालांकि क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं अवधेश शुक्ला का कहना है छानबीन सही दिशा में चल रही है। कातिल पुलिस की निगाह में आ चुके हैं। कुछ और ठोस सुबूत जुटा लिए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जायेगा।

chat bot
आपका साथी