पिटाई से गर्भपात, बेहोश महिला को सड़क पर रखकर रास्ता जाम

थाना क्षेत्र के हंसिया गांव में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को हुई मारपीट में घायल महिला के पेट में पल रहा भ्रूण नष्ट हो गया। उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। बेहोश महिला को रविवार को मियांचक में सड़क पर रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Oct 2018 07:41 PM (IST) Updated:Sun, 07 Oct 2018 10:14 PM (IST)
पिटाई से गर्भपात, बेहोश महिला को सड़क पर रखकर रास्ता जाम
पिटाई से गर्भपात, बेहोश महिला को सड़क पर रखकर रास्ता जाम

जागरण संवाददाता, बरसठी (जौनपर): थाना क्षेत्र के हंसिया गांव में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को हुई मारपीट में घायल महिला के पेट में पल रहा भ्रूण नष्ट हो गया। उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। बेहोश महिला को रविवार को मियांचक में सड़क पर रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। वे पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगा रहे थे। दो घंटे बाद किसी तरह से भीड़ को समझा-बुझाकर पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से उपचार के लिए भेजा।

उक्त गांव में दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में मनोज व उसकी गर्भवती पत्नी काजल घायल हो गई थी। दंपती को गंभीर चोटों के कारण सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। पिटाई से काजल के गर्भ में पल रहा दो माह का भ्रूण नष्ट हो गया था। हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल से भी काजल बीएचयू रेफर कर दिया गया। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण परिजन बीएचयू नहीं ले जा सके। बेहोश काजल को रविवार की शाम चार बजे परिजनों व ग्रामीणों ने मियां चक चौराहा पर लिटाकर बरसठी-निगोह मार्ग पर रास्ता जाम कर दिया। आक्रोशित लोग बरसठी थाना पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगा रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जब वे घायल दंपती को लेकर थाने पर गए तो निरीक्षक नरेंद्र प्रसाद ने अपशब्द कहते हुए भगा दिया। बाद में मुकदमा दर्ज किया तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इसी दौरान गुजर रहे मछलीशहर के सांसद राम चरित्र निषाद ने भीड़ को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने को मड़ियाहूं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव मिश्र व रामपुर थानाध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव को भी सदलबल मौके पर बुला लिया गया। पुलिस के काफी समझाने पर दो घंटे बाद रास्ता जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने काजल को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी