कच्चा मकान व छप्पर गिरने से तीन घायल

By Edited By: Publish:Mon, 15 Sep 2014 09:28 PM (IST) Updated:Mon, 15 Sep 2014 09:28 PM (IST)
कच्चा मकान व छप्पर गिरने से तीन घायल

बदलापुर (जौनपुर): क्षेत्र में तीन-चार दिनों से हो रही बरसात के कारण कस्तूरीपुर गांव की केवट बस्ती पानी से डूब गई है। वहीं बारिश से छप्पर व कच्चा मकान जमींदोज हो गया। मलबे में दबकर वृद्धा समेत तीन लोग घायल हो गए और हजारों का सामान नष्ट हो गया।

क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव में छप्पर व कच्ची दीवार जमींदोज होने से सरजू देवी (68), नवनीत (13) दब गईं। दोनों को रात में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां दोनों की हालत नाजुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

वहीं उदपुर गेल्हवा में कच्ची दीवार ढहने से सीमा मौर्या पत्नी वेद प्रकाश घायल हो गई। उनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। सरोखनपुर गांव निवासी जोखन कहार का कच्चा मकान गिरने से उसमें रखा गृहस्थी का सामान दब गया।

तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण कस्तूरीपुर गांव की केवट बस्ती डूब गई। जिसमें रामचंद्र, रामजश, सभाजीत, राम खेलावन, कृष्ण प्रताप बबलू, राम सागर के आवास के चारों तरफ घुटने भर पानी एकत्र हो गया। आरोप है कि जल निकासी हेतु बनी नाली दबंगों द्वारा पाट दी गई है। पानी भर जाने के कारण रामजश के रिहायशी छप्पर की कच्ची दीवार गिरने के कगार पर है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से नाली को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी