यूपी में सरकार पंगु, कानून व्यवस्था ध्वस्त: कलराज

By Edited By: Publish:Mon, 28 Jul 2014 07:36 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jul 2014 07:36 PM (IST)
यूपी में सरकार पंगु, कानून व्यवस्था ध्वस्त: कलराज

जौनपुर : केंद्रीय सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने कहा है कि प्रदेश सरकार पंगु हो गई है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, कोई भी सुरक्षित नहीं है। साम्प्रदायिक हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री मिश्र सोमवार को लखनऊ से वाराणसी जाते समय पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में साम्प्रदायिक हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, प्रदेश सरकार इसे रोकने के बजाय सियासत कर रही है और भाजपा पर आरोप लगा रही है। प्रदेश में समाज विरोधी ताकतें और आइएसआइ के लोग उपद्रव करा रहे हैं। यदि दंगाइयों को सख्ती से कुचला नहीं गया तो देश द्रोहियों के हौसले बुलंद होंगे। सपा के शासन काल में यूपी दंगा प्रदेश बनता जा रहा है। सहारनपुर में गुरुद्वारा की भूमि के विवाद को समय से सुलझा दिया जाता तो हालात न बिगड़ते। प्रदेश सरकार समय से कार्रवाई नहीं कर पा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। लखनऊ के सोहनलालगंज की घटना की सीबीआइ से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पुलिस इस घटना को अपने स्तर से समाप्त करना चाह रही है, इसलिए इस घटना की जांच सीबीआइ से होना जरूरी है।

इसके पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मादेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, पंकज जायसवाल, अरुण जायसवाल, धर्मपाल कनौजिया, अशोक सेठ, राजवीर सिंह आदि ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया।

chat bot
आपका साथी