नई ऊर्जा व संकल्प के साथ विकास को गति देंगे अधिकारी

जागरण संवाददाता उरई जनपद के आला अधिकारियों ने

By JagranEdited By: Publish:Fri, 13 Nov 2020 06:01 PM (IST) Updated:Fri, 13 Nov 2020 06:01 PM (IST)
नई ऊर्जा व संकल्प के साथ विकास को गति देंगे अधिकारी
नई ऊर्जा व संकल्प के साथ विकास को गति देंगे अधिकारी

जागरण संवाददाता, उरई : जनपद के आला अधिकारियों ने दीपावली को यादगार बनाने का संकल्प लिया है कि वे जिले के विकास कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ गति देंगे। जनता की हर जटिल समस्या का निराकरण कराएंगे। जिससे कि किसी भी व्यक्ति को परेशान न होना पड़े। सरकार की प्राथमिकता वाले कार्य सड़क, पुल को जल्दी से जल्दी पूरा कराएंगे ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके। आइए जानते हैं इस दीप पर्व में किसने क्या संकल्प लिया। कालपी में दो किमी फोरलेन की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा था। रोज जाम की समस्या बनी रहती थी। लोगों के साथ कई बैठकें कर समाधान कराया। अब फोरलेन पर ओवरब्रिज बन चुका है। 14 नवंबर से दोनों ओर वाहन निकालने की व्यवस्था की जा रही है। अब जितने भी निर्माणाधीन पुल व सड़कें हैं, उन्हें जल्द पूरा कराएंगे। लोगों की समस्याओं का निराकरण पहली प्राथमिकता है। पाल सरैनी का पुल जल्दी ही बन जाएगा। निर्माण शुरू करा दिया गया है।

- डॉ. मन्नान अख्तर, डीएम, जालौन कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखना ही प्राथमिकता है। अपराधियों को जिले से खदेड़ने का अभियान चलाएंगे। अधिकारियों को साफ निर्देश है कि अपराध ना होने पाएं और अपराधी छूटने ना पाए। इसके साथ महिला सुरक्षा व अधिकारों के लिए चलाए जा रहे अभियान को भी कामयाब बनाया जा रहा है। मिशन शक्ति को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। कानून व्यवस्था में किसी तरह की शिथिलता न होने पाए यह प्राथमिकता रहेगी। दीपावली के त्योहार पर यही हमारा संकल्प है।

- डॉ. यशवीर सिह, पुलिस अधीक्षक

जिले में किसानों से जुड़ी बहुत सी समस्याएं हैं। रबी का सीजन है, खाद बीज समय से मुहैया कराना है। साथ ही फसल बीमा के तहत किसानों को लाभ पहुंचाना भी संकल्प में शामिल है। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक किसानों का फसल बीमा कराया जाए। ग्रामीण क्षेत्र में पंचायतीराज विभाग द्वारा सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन बनवाए जा रहे हैं। उनको भी जल्द पूरा कराने को कहा गया है।

- प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ

खाद्य सामग्री लोगों को शुद्ध व सुरक्षित मिले, इसके लिए गंभीरता दिखाई जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित कर अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरी रोकने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जहां जरूरत होती है, वहां खुद जाकर कार्रवाई करता हूं। कुछ दिनों पहले मिलावटी सरसों का तेल पकड़ा गया था। इसके अलावा यह भी संकल्प है कि शहर में अमन चैन बहाल रहे और किसी तरह की अशांति न होने पाए। दीपावली का पर्व आपसी भाई चारे को बढ़ाता है। हर किसी को कुछ नया संकल्प लेना चाहिए।

सुनील कुमार शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट

दीपावली पर जिले को विकास से संतृप्त करने का संकल्प लिया है। ग्राम पंचायतों में अधूरे पड़े कार्यों को जल्दी पूरा कराया जाएगा ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके। ग्राम पंचायतों को माडल के रूप में किस तरह के विकसित किया जाए इसके लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके साथ ही एक हजार करोड़ की नमामि गंगे परियोजना पर काम शुरू कराना ही सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल किया गया है। योजना का डीपीआर भी तैयार करा लिया गया है।

- मिथलेश सचान, जिला विकास अधिकारी

जिले में ओवरलोडिग को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाकर छापेमारी की जा रही है। ओवरलोडिग से सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती हैं और दुर्घटनाओं का भी खतरा रहता है, जिसके चलते सख्ती की जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विभाग जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रहा है। बीते वर्ष की अपेक्षा दुर्घटनाओं में दस फीसद तक की कमी आई है जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। पूरा अभियान दुर्घटनाओं को रोकने पर केंद्रित किया गया है। साथ ही सरकार के राजस्व के भी बढ़ाने का संकल्प दीपावली के पर्व पर लिया है।

- मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन

chat bot
आपका साथी