महिला उत्पीड़न की जांच कमेटी गठित

कार्रवाई महिला अधिकारी भी होगी जांच टीम में शासन को भेजेंगी रिपोर्ट -जिला उद्यान अधिकारी को डीएम ने व्यवहार में सुधार की चेतावनी दी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Oct 2019 01:41 AM (IST) Updated:Tue, 22 Oct 2019 06:16 AM (IST)
महिला उत्पीड़न की जांच कमेटी गठित
महिला उत्पीड़न की जांच कमेटी गठित

जासं, हाथरस : नोडल अधिकारी ईशा दुहन ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले की कमेटी बनाकर जांच की बात कही है। वह इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेज रही हैं।

नोडल अधिकारी ईशा दुहन आइएएस के साथ-साथ दो अधिकारी निधि श्रीवास्तव व अंजुम बी महिला संबंधी मामलों को लेकर यहां आई थीं। नोडल अधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि मामला काफी गंभीर है। इसकी गहनता से जांच कराई जाएगी। पूरे प्रकरण की जांच कमेटी बनाकर कराई जाएगी। इस टीम में महिला अधिकारी भी शामिल होंगी, ताकि शिकायतकर्ता अपनी बात को प्रभावी रूप से कह सकें। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की रिपोर्ट शासन को भेजेंगी।

--

इनका कहना है

मुझ पर लगाए गए आरोप निराधार हैं, मुझे इस संबंध में कुछ नहीं कहना है।

गमपाल सिंह, जिला उद्यान अधिकारी।

--- दोनों महिला कर्मियों और डीएचओ को बुलाकर पक्ष सुना है। डीएचओ की ओर से अभद्र भाषा का प्रयोग करने की बात सामने आई है। इसके लिए उन्हें 15 दिन में अपने व्यवहार में सुधार करने की चेतावनी दी गई है। एक कर्मचारी पर विभाग के कुछ बकाए का मामला भी निकलकर आया है। इसी वजह से शिकायत करना प्रतीत हो रहा है।

- प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम हाथरस

पौने तीन साल से उत्पीड़न झेल रहीं महिला कर्मचारी

जासं, हाथरस : उद्यान विभाग की दो महिला कर्मचारी आज से नहीं पौने तीन साल से जिला उद्यान अधिकारी के उत्पीड़न को झेल रही हैं। अपने अधिकारी के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत वह नहीं उठा पा रही थीं। तीन महीने पहले डीएम से शिकायत भी की तो उसमें भी न्याय नहीं मिला। अब एक बार फिर महिला कर्मियों ने जिले की नोडल अधिकारी ईशा दुहन से शिकायत करने की हिम्मत जुटाई है। नोडल अधिकारी इस गंभीर प्रकरण में शासन को रिपोर्ट भेज रही हैं।

तीन दिन पहले जिले की नोडल अधिकारी ईशा दुहन हाथरस आई थीं। वह महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा की स्थिति और महिला उत्पीड़न के मामलों की समीक्षा के लिए यहां आई थीं। उन्हें निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेजना है। रविवार को नोडल अधिकारी से उद्यान विभाग की दो महिला कर्मचारी ने मुलाकात की और कई गंभीर आरोप लगाए। नोडल अधिकारी ने उनसे गंभीरता से बात की। इस दौरान महिला कर्मियों ने ऐसी बातें बताई हैं जिन्हें लिखना संभव नहीं है। महिला कर्मियों ने लिखित में शिकायत देकर कहा है कि जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह उन पर गलत निगाह रखते हैं। उनके कक्ष में पर्दे उठाकर अंदर झांकते हैं। कपड़ों को देखकर अश्लील फब्तियां कसते हैं। यह आज से नहीं करीब पौने तीन साल से कर रहे हैं। तू-तड़ाक के अंदाज में बात करते हैं, महिला कर्मियों को गालियां देते हैं। इस कारण से महिला कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान हैं। आरोप है कि चैंबर के अधीनस्थ रामशरण भारती के साथ महिलाओं के उत्पीड़न की योजना बनाते हैं। बार-बार कार्रवाई की धमकी देते हैं।

-- डीएम को सेट करके रखता हूं..

महिला कर्मियों ने बताया कि जिला उद्यान अधिकारी अक्सर अपना रौब दिखाते हुए धमकाते हैं। वह कर्मियों से अभद्र व्यवहार करते हैं और यह धमकी देते हैं कि उनका वह कुछ नहीं बिगाड़ सकती। वह डीएम को सेट करके रखते हैं।

-- जांच से असंतुष्ट हैं कर्मी

महिला कर्मचारियों ने शिकायत में कहा है कि 24 अगस्त को उन्होंने डीएम से इस संबंध में शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने डीडीओ को सात दिन के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि डीडीओ 26 दिन बाद 19 सितंबर को जांच के लिए वहां शाम को पांच बजे आए। रात साढ़े आठ बजे तक पूछताछ की। समय अधिक हो जाने के कारण अगले कार्य दिवस पर आने को कहा। इसके बाद वह आजतक यहां नहीं आए। महिला कर्मियों ने विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं।

--

chat bot
आपका साथी