यू-ट्यूब पर छाये हाथरस के अभिमन्यु

कंप्यूटर शिक्षा पर देते हैं ज्ञान 10 लाख के पार पहुंचे उनके चैनल के सब्सक्राइबर ब्लर्ब - दो सिल्वर व एक गोल्ड बटन से हो चुके हैं सम्मानित चैनल को मिल चुके 60 करोड़ व्यू वेबसाइट को 97 करोड़ लोगों ने देखा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Mar 2020 01:25 AM (IST) Updated:Thu, 19 Mar 2020 06:00 AM (IST)
यू-ट्यूब पर छाये हाथरस के अभिमन्यु
यू-ट्यूब पर छाये हाथरस के अभिमन्यु

हिमांशु गुप्ता, हाथरस :

तकनीकी दुनिया बहुत व्यापक है। जनपद के तमाम युवा तकनीक के क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं। शहर के एक युवा को सोशल मीडिया का इस कदर जुनून है कि उसने अपनी सरकारी नौकरी छोड़ दी। अब वह यू-ट्यूब पर धमाल मचा रहा है।

यह उपलब्धि हाथरस के अभिमन्यु भारद्वाज की है। उनके यू-ट्यूब चैनल के 10 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। शहर की रत्नगर्भा कॉलोनी निवासी अभिमन्यु ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई बागला कॉलेज से की है। इसके बाद उन्होंने एक प्रतिष्ठित संस्थान से कंप्यूटर में डिप्लोमा किया। इस बीच पिता राकेश कुमार भारद्वाज का निधन हो गया। उन्हें वर्ष 2005 में मृतक आश्रित की नौकरी मिल गई। वे कलक्ट्रेट में संग्रह विभाग में लिपिक पद पर सेवाएं देने लगे। अभिमन्यु के छोटे भाई कृष्णा विदेश मंत्रालय में हैं। मां शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हो चुकी हैं।

कंप्यूटर शिक्षा का शौक

नौकरी के दौरान भी अभिमन्यु को कंप्यूटर शिक्षा का शौक बना रहा। उन्होंने वर्ष 2014 में माई बिगगाइड डॉट कॉम नाम की वेबसाइट बनाई। इस पर कंप्यूटर शिक्षण से जुड़े नोट्स वह अपलोड करते थे। उनके नोट्स को फॉलोअर्स पसंद करने लगे। फॉलोअर्स ने मांग की कि वह कंप्यूटर से जुड़ी चीजों का प्रैक्टिकल भी करें। इसके बाद अभिमन्यु ने माई बिगगाइड नाम से ही यू-ट्यूब चैनल बनाया।

खूब पसंद की गईं वीडियो

2016 में माई बिग गाइड यू-ट्यूब चैनल बनाने के बाद अभिमन्यु ने कंप्यूटर प्रैक्टिकल से जुड़े वीडियो अपलोड करना शुरू कर दिए। उनके वीडियो काफी पसंद किए जाने लगे, लेकिन नौकरी के कारण वह ज्यादा समय वीडियो अपलोड करने में नहीं दे पाते थे। इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया। इसके लिए घरवालों ने काफी मना किया पर उन्होंने 2016 में नौकरी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने पूरा फोकस नई-नई वीडियो बनाने और अपलोड करने पर लगा दिया। देखते ही देखते उनके सब्सक्राइबर की संख्या बढ़ने लगी। अब उनके सब्सक्राइबर 10 लाख से ज्यादा पहुंच गए हैं। 60 करोड़ के करीब व्यू उनकी वीडियोज को मिल चुके हैं। वहीं उनकी वेबसाइट को 97 करोड़ लोगों ने पसंद किया है।

प्रतिमाह एक लाख तक कमा रहे

अभिमन्यु अब यू-ट्यूब पर मशहूर हो चुके हैं। यू-ट्यूब की तरफ से उन्हें दो सिल्वर और एक गोल्ड बटन भी मिल चुका है। गूगल की ओर से उनके चैनल को विज्ञापन भी खूब मिल रहे हैं। वह प्रतिमाह 1500 से 2000 डॉलर तक कमा लेते हैं।

chat bot
आपका साथी