बस्तोई बंबे में बहकर आए देसी शराब के 530 क्वार्टर

हसायन क्षेत्र के बस्तोई बंबे में शनिवार सुबह देसी शराब के क्वार्टर बहते मिले।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 12:17 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 12:17 AM (IST)
बस्तोई बंबे में बहकर आए  
देसी शराब के 530 क्वार्टर
बस्तोई बंबे में बहकर आए देसी शराब के 530 क्वार्टर

संवाद सूत्र, हाथरस: हसायन क्षेत्र के बस्तोई बंबे में शनिवार सुबह देसी शराब के क्वार्टर बहते मिले। ग्रामीणों की सूचना पर हसायन पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने जांच की। दिनभर बंबे में तलाशी अभियान चलाया गया। यहां से 530 क्वार्टर बरामद किए गए हैं।

शुक्रवार को अलीगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से अलर्ट जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि अलीगढ़ के जवां क्षेत्र में हजारा नहर में सुमेरा झाल के पास शराब की पेटियां फेंकी गई है। अंदेशा है कि यह शराब जहरीली है। इससे हाथरस, एटा, मथुरा समेत अन्य जनपदों से गुजरने वाली नहरों में जहरीली शराब के क्वार्टर, बोतलें निकल सकती है। इसके सेवन से पुन: हादसा हो सकता है। इस संदेश के बाद हाथरस पुलिस अलर्ट हो गई। हजारा नहर और उससे जुड़े बंबों के आसपास चेकिग शुरू की गई। साथ ही ग्राम प्रधानों से संपर्क कर इस बारे में सूचना दी। शनिवार की सुबह हसायन के गांव बस्तोई के कुछ युवक नहर में नहा रहे थे। उन्हें शराब के क्वार्टर नहर में बहते दिखे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि अलीगढ़ की ओर से शराब के क्वार्टर नहर में बहकर आ रहे हैं। उधर, आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार को सूचना मिली तो वह भी टीम के साथ पहुंच गए। नहर के आसपास के इलाकों में जांच की गई। जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से नहर में खोजबीन शुरू हुई। कई घंटे तलाश के बाद देसी शराब के 530 क्वार्टर बरामद हुए हैं। एसपी विनीत जायसवाल ने लोगों से अपील की है कि कोई इस प्रकार की शराब का सेवन न करें। तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस को सूचित करने वाले को इनाम दिया जाएगा।

अपील की गई कि यह जहरीली शराब है ,जिसको पीने से जनहानि संभावित है। शराब की जांच की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को नहर में शराब बहती मिले तो तत्काल आबकारी व पुलिस विभाग को सूचित करें।

- सुबोध कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी हाथरस।

chat bot
आपका साथी