कृषि विधेयक पर किसानों का हल्ला

अमर जवान चौक पर लगाया जाम सरकार के विरोध में की नारेबाजी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Sep 2020 10:16 PM (IST) Updated:Fri, 25 Sep 2020 10:16 PM (IST)
कृषि विधेयक पर किसानों का हल्ला
कृषि विधेयक पर किसानों का हल्ला

हरदोई : कृषि सुधार को लेकर केंद्र सरकार की ओर से लाए गए विधेयकों के विरोध में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके उपरांत जुलूस निकालकर कार्यकर्ता अमर जवान चौक (सोल्जर बोर्ड चौराहा) पहुंचे और सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। इससे करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों को परेशानी देखते हुए एडीएम संजय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने किसानों को समझाकर अमर जवान चौक से हटाकर जाम खुलवाया।

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बैनर तले किसान कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। हल्ला बोल कर सोई सरकार को जगाने का काम किया जा रहा है। कहा कि केंद्र सरकार उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सरलीकरण), कृषक (सशक्तिकरण व संरक्षण) कीमत आश्वासन एवं कृषि सेवा पर करार और आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक लागू करने जा रही है। इससे किसानों का हित होने वाला नहीं है। किसान तीनों बिलों का विरोध करते रहेंगे। बताया कि प्रांतीय पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से वार्ता के दौरान एसईएमएस (भूसा बनाने वाली मशीन) रहित कंपाइनें चलवाकर धान कटाई में सहयोग करने और विक्रय के लिए उचित प्रबंध करने की मांग की है। उन्होंने पिहानी में बिना एसईएमएस कंबाइन चलाने पर सीज करने की कार्रवाई का भी विरोध किया। इस मौके पर प्रगट सिंह, यदुवीर सिंह, विष्णुदेव, चमेली देवी, बलवीर राजवंशी, गर्वनर सिंह आदि मौजूद रहे।

अमर जवान चौक पर रोका : भाकियू कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर से निकलकर अमरजवान चौक पहुंचे, जहां पुलिस के जवानों ने रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया। भाकियू पदाधिकारी सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भीड़ में एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि किसानों ने एंबुलेंस निकलने का रास्ता दे दिया।

कई थानों की पुलिस रही मौजूद : कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों के प्रदर्शन के चलते सुरक्षा को जिला प्रशासन ने कई थानों की पुलिस बुला ली थी। कलेक्ट्रेट परिसर काफी देर तक छावनी में तब्दील रहा। कोरोना के नियमों का भी नहीं रखा ध्यान : प्रदर्शन के दौरान अधिकांश किसान शारीरिक दूरी का पालन करने व मास्क लगाने के नियमों की अनदेखी करते दिखे। उन्होंने कोरोना संक्रमण रोकने के नियमों का भी ध्यान नहीं रखा।

chat bot
आपका साथी