सचिबढ़ रहे संक्रमित, फिर भी नहीं रहे सुधर

- लगा रहे भीड़ शारीरिक दूरी का भी नहीं रख रहे ध्यान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 11:13 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 11:13 PM (IST)
सचिबढ़ रहे संक्रमित, फिर भी नहीं रहे सुधर
सचिबढ़ रहे संक्रमित, फिर भी नहीं रहे सुधर

हरदोई : जिले में भी संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सब्जी मंडी, बैंक या फिर एटीएम के बाहर लोगों की भीड़ लग रही है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।

लॉकडाउन के दौरान लोगों को बेवजह घर से निकलने पर रोक लगाई गई है। जिला प्रशासन की ओर से लोगों को जरूरी होने पर कोविड-19 नियमों का पालन करने के साथ घर से निकलने की सलाह दी जा रही है। इसके बावजूद लोग जिला प्रशासन की सलाह मानने को तैयार नहीं हैं। शनिवार को बिलग्राम सब्जी मंडी में सुबह काफी भीड़ लगी थी, लोग मास्क तक नहीं लगाए थे। लोगों ने शारीरिक दूरी तक का ध्यान नहीं रखा। शहर की सड़कों पर वाहन फर्राटा भरते नजर आए। एसबीआइ की मुख्य शाखा के निकट एटीएम पर लोगों की लाइन लगी थी, हालांकि अधिकतर लोग मास्क लगाए थे। इस दौरान लोग शारीरिक दूरी का पालन करते नहीं दिखाई दिए। वहीं नुमाइश चौराहा पर खरबूजा लेने को लेकर लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने मास्क लगाना व शारीरिक दूरी का पालन करना तक जरूरी नहीं समझा।

निजी वाहन न चलने से परेशान रहे यात्री : लॉकडाउन के दौरान निजी वाहनों पर रोक लगाई गई है, जबकि परिवहन निगम की रोडवेज बसें सड़कों पर फर्राटा भर रही है। रोडवेज बसों से आए यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को निजी वाहन नहीं मिल रहे हैं।

105 नए संक्रमित, 379 ने कोरोना से जीती जंग

हरदोई : कोविड-19 की दूसरी वेब में शनिवार को 29 नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए, जबकि 135 कंटेनमेंट जोन समाप्त किए गए। एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर की प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने बताया कि शनिवार को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक 2220 लोगों की सैंपलिग की गई है।

सीडीओ ने बताया कि शनिवार को 105 पॉजिटिव केस पाए गए हैं। 379 लोगों ने कोरोना को परास्त किया और स्वस्थ हुए हैं। बताया कि होम आइसोलेटेड 886 लोगों को कॉल की गई। 583 लोगों से वार्ता हुई है। लोगों से बात कर उनकी समस्याओं को समझा गया और उनका निराकरण कराया गया। संक्रमितों को कोविड-19 से बचाव के लिए जागरूकता के साथ उत्साहवर्धन किया गया।

बताया कि 128 व्यक्तियों को होम आईसोलेट किया गया और होम आईसोलेशन में 9619 लोग हो गए हैं। 448 क्रियाशील कंटेनमेंट जोन हैं, जिसमे से 29 नये कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। 373156 लोगों की स्क्रीनिग की गई। सभी नगरीय निकायों की 126 टीमों द्वारा 185 वार्डों और स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में सैनिटाइजेशन किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 144 टीमों द्वारा 217 गावों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। थाना-पुलिस द्वारा मास्क और कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन न करने वाले 245 लोगों पर कार्रवाई की है।

chat bot
आपका साथी