यूपी रोडवेज ने बिहार के लिए शुरू की बस सेवा, गोरखपुर से पटना समेत कई शहरों के लिए प्रतिदिन चलेंगी बसें

यूपी परिवहन निगम ने यूपी से बिहार के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। गोरखपुर से पटना मोतिहारी और रक्सौल के बीच रोजाना बसें चलाई जाएंगी। बसों का किराया और समय सारिणी निर्धारित कर दी गई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 06 Dec 2020 09:30 AM (IST) Updated:Sun, 06 Dec 2020 10:15 PM (IST)
यूपी रोडवेज ने बिहार के लिए शुरू की बस सेवा, गोरखपुर से पटना समेत कई शहरों के लिए प्रतिदिन चलेंगी बसें
गोरखपुर से बिहार के कई शहरों के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करने जा रहा है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बंद पड़ी यूपी-बिहार बस सेवा को परिवहन निगम ने शनिवार से फिर से शुरू कर दिया है। गोरखपुर से पटना, मोतिहारी और रक्सौल के बीच रोजाना बसें चलाई जाएंगी। बसों का किराया और समय सारिणी निर्धारित कर दी गई है।

यहां से चलेंगी बसें

रेलवे बस डिपो परिसर गोरखपुर से मोतिहारी के लिए सुबह सात बजे बस रवाना होगी। गोरखपुर से पटना के लिए सुबह 8 बजे तथा रक्सौल के लिए सुबह 9.30 बजे बस रवाना होगी। यही बसें गंतव्य पर पहुंचकर फिर से गोरखपुर के लिए वापस हो जाएंगी। परिवहन निगम बिहार के अन्य शहरों के लिए भी बस चलाने की तैयारी में है। निगम के वरिष्ठ अधिकारी बिहार के अधिकारियों से संपर्क में हैं। अगले सप्ताह यूपी और बिहार के अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय बैठक की भी संभावना है। यूपी और बिहार के बीच पर्याप्त बसों के संचालन से लोगों की राह आसान हो जाएगी।

पटना, सिवान, छपरा, मोतिहारी, रक्सौल जाने को भटकते हैं यात्री

दरअसल, यूपी के गोरखपुर और बिहार के पटना, सिवान, छपरा, मोतिहारी, रक्सौल, गोपालगंज से प्रत्येक दिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। गर्मी की छुट्टी और त्योहारों में तो आवाजाही और बढ़ जाती है। गोररखपुर में ही बिहार के हजारों लोग परिवार के साथ रहते हैं। यूपी और बिहार के बीच रोडवेज की बसों का संचालन नहीं होने से प्राइवेट (डग्गामार) बसों की चांदी रहती है। प्राइवेट बसों में यात्रियों को एक तो किराया अधिक देना पड़ता है, ऊपर से हरपल असुरक्षा की आशंका बनी रहती है।

यूपी-बिहार बस सेवा शुरू कर दी गई है। यात्री इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बसों का किराया भी सिस्टम में लोड कर दिया गया है। लोगों की सुविधा के लिए नए साल में गोरखपुर से बिहार के अन्य शहरों के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। - केके तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक- गोरखपुर।

chat bot
आपका साथी