सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, 55 वर्ष पर भारी 55 महीने का कार्यकाल

केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना से 12 करोड़ किसानों को सीधा फायदा होगा। संसाधन बढ़ेंगे तो सम्मान की राशि और बढ़ाई जाएगी।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 24 Feb 2019 06:49 PM (IST) Updated:Mon, 25 Feb 2019 03:20 PM (IST)
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, 55 वर्ष पर भारी 55 महीने का कार्यकाल
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, 55 वर्ष पर भारी 55 महीने का कार्यकाल

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में भाजपा की किसान रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से प्रदेश के 2.14 करोड़ किसानों को लाभ पहुंचेगा। हर तबके के विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने काम किया है। दूसरी सरकारों के 55 वर्ष के कार्यों पर मोदी सरकार का 55 महीने का यह कार्यकाल भारी है। 55 महीने पहले जो सरकार थी, उसने अराजकता व भ्रष्टाचार का माहौल बनाया था। वे अपने और अपने लोगों के हित के लिए देश की सुरक्षा से भी खिलवाड़ करने से नहीं चूकते थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का गोरखपुर की धरती पर दूसरा आगमन है और उन्होंने इस बार भी विकास योजनाओं की कई सौगातें दी हैं। 2016 में उन्होंने फर्टिलाइजर का शिलान्यास किया था और आज 60 फीसद कार्य पूरा हो चुका है।
एम्स में आज से ओपीडी शुरू हो गई। मेडिकल कॉलेज में आठ विभागों में सुपर स्पेशियलिटी की सौगात मिली है। बंद चीनी मिलों को चलवाया गया। गन्ना से एथेनाल बनाने की मंजूरी देकर प्रधानमंत्री ने गन्ना किसानों के हित में बड़ा कार्य किया है। रसोई गैस को और सुलभ बनाने के लिए कांडला से गोरखपुर तक गैस पाइप लाइन का शिलान्यास भी हुआ। गोरखपुर से लगभग सभी प्रमुख शहरों के लिए एयर कनेक्टिविटी हो गई है। जल्द ही कुशीनगर का एयरपोर्ट भी शुरू हो जाएगा। आयुष्मान भारत की धूम घर-घर मची है।

जैसे-जैसे संसाधन बढ़ेंगे वैसे-वैसे बढ़ेगी सम्मान राशि : राधा मोहन
केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से देश के 12 करोड़ किसानों को सीधा फायदा होगा। जैसे-जैसे टैक्स की चोरी रुकेगी, संसाधन बढ़ेंगे तो सम्मान की राशि और बढ़ाई जाएगी। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में किसानों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने गांव, गरीब व किसान के विकास के लिए प्रतिबद्धता जाहिर की थी और सभी तबकों का विकास करके उसे साबित भी किया है। उन्होंने वर्षों से लंबित परियोजनाओं को भी पूरा किया है। देश का दुर्भाग्य है कि परिवार के विकास पर ही ध्यान केंद्रित करने वाले कुछ लोग अच्छे कार्यों पर तंज कसते हैं। जब चुनाव आता है तो उन्हें कर्ज माफी की याद आती है, किसानों के हित से उन्हें कोई लेना-देना नहीं। उत्तर प्रदेश में भी पहले योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं होता था लेकिन योगी सरकार आने के बाद किसानों को तेजी से फायदा मिल रहा है।

chat bot
आपका साथी