Independence Day 2022: पूर्वोत्तर रेलवे के 21 स्टेशनों पर लहरा रहा 100 फीट ऊंचा तिरंगा, 46 हजार से अधिक घरों की शान बढ़ाएगा राष्ट्रीय ध्वज

Independence Day 2022 भारत देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव का जश्न मना रहा है। ऐसे में पूर्वोत्तर रेलवे के 505 स्टेशनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। हालांकि मंडल के 21 स्टेशनों पर 100 फीट का तिरंगा फहरा रहा है।

By Pragati ChandEdited By: Publish:Sat, 13 Aug 2022 04:32 PM (IST) Updated:Sat, 13 Aug 2022 04:32 PM (IST)
Independence Day 2022: पूर्वोत्तर रेलवे के 21 स्टेशनों पर लहरा रहा 100 फीट ऊंचा तिरंगा, 46 हजार से अधिक घरों की शान बढ़ाएगा राष्ट्रीय ध्वज
रेलवे कर्मचारियों के 46816 घरों, 505 रेलवे स्टेशनों पर लहराएगा तिरंगा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 15 अगस्त को पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल में तैनात 46816 कर्मचारियों के घरों पर झंडा फहराएगा। सभी 505 रेलवे स्टेशनों पर तिरंगा लहराएगा। गोरखपुर सहित 21 स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने लगा है।

रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों के घरों पर फहराने लगा तिरंगा

पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों के घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने स्टाफ बेनीफिट फंड (एसबीएफ) से 46038 झंडा खरीदा है। मंडल और विभागवार झंडे का वितरण सुनिश्चित कर दिया गया है। रेलवे स्टेशनों पर भी तिरंगा लहराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गोरखपुर, लखनऊ और बनारस आदि स्टेशनों के भवन तिरंगे से सजने लगे हैं।

स्टेशनों पर लगाया जा रहा आकर्षक लाइट

प्रमुख स्टेशनों को आकर्षक लाइटिंग के माध्यम से सजाकर राष्ट्र के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर और लखनऊ, वाराणसी व इज्जतनगर मंडल के कार्यालयों को भी तिरंगे लाइट से सजाया गया है। तिरंगा लाइट की छटा रात में बेहद खूबसूरत लग रही है। चारो तरफ आजादी के जश्न का माहौल है।

256 इंजनों पर लगाए गए तिरंगा के स्टीकर

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे में 256 इंजनों पर तिरंगा के स्टीकर लगाए गए हैं। ट्रेनों के 2688 कोचों में आजादी के अमृत महोत्सव वाले लोगो के स्टीकर लगाए गए हैं। गोरखपुर सहित 173 स्टेशनों पर 224 डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से हर घर तिरंगा पर आधारित क्रियेटिव डिस्प्ले प्रदर्शित किए जा रहे हैं। 148 पोस्टरों, बैनरों एवं स्टीकरों के माध्यमों से लोगों को हर घर तिरंगा के बेवसाइट की जानकारी दी जा रही है। साथ ही हर घर तिरंगा कार्यक्रम के बारे में आमजन को जागरूक करते हुए उन्हें राष्ट्र के सम्मान में घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी