Independence Day 2022: शहर से लेकर गांव तक शान से लहराया तिरंगा

Independence Day Program in Gorakhpur स्वतंत्रता दिवस पर गोरखपुर में शहर से लेकर गांव तक घर घर तिरंगा फहराया गया। गोरखपुर में कमिश्रर एडीजी रेलवे जीएम के अलावा जीडीए नगर निगम और अन्य विभागों के अफसरों ने तिरंगा झंडा फहराया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 15 Aug 2022 05:36 PM (IST) Updated:Mon, 15 Aug 2022 05:36 PM (IST)
Independence Day 2022: शहर से लेकर गांव तक शान से लहराया तिरंगा
गोरखपुर में झंडारोहण करते कमिश्नर रवि कुमार एनजी। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। आजादी के 75वें साल हर्षोल्लास के साथ सभी सरकारी, निजी कार्यालयों के साथ शहर से लेकर गांव तक हर घर पर तिरंगा फहराया गया और लोगों ने राष्ट्रगान गाया। पूरे जिले में उत्सव सा माहौल रहा। लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर रहे।

एडीजी व कमिश्नर ने फहराया तिरंगा

एडीजी जोन अखिल कुमार ने एडीजी कार्यालय पर ध्वजारोहण किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी ने मंडलायुक्त कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मंडलायुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने की अपील की। जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने नए कलेक्ट्रेट भवन पर ध्वजारोहण किया।

उन्होंने सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान के बारे में बताया।उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों को दें, जिससे उन्हें कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।

एनईआर में जीएम ने ली सलामी

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने ध्वजारोहण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने रेलवे अस्पताल में मरीजों के बीच फल का वितरण भी किया। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश सिंह ने प्रशासनिक भवन पर ध्वजारोहण किया। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कुलपति ने ध्वज फहराया। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने प्राधिकरण कार्यालय पर ध्वजारोहण किया और सभी कर्मचारियों एवं आवंटियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस दौरान जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। जीडीए के अधिशाषी अभियंता किशन सिंह, टाउन प्लानर अरविंद कुमार, सहायक अभियंता जेपी श्रीवास्तव, अवर अभियंता राम इकबाल चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी योजना के पौधरोपण किया।

पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ भव्य कार्यक्रम

पुलिस परेड ग्राउंड पर भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गयी और बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। नगर निगम के तत्त्वावधान में शहर के 21 चौराहों पर एक साथ राष्ट्रगान गाया गया। जैसे ही राष्ट्रगान शुरू हुआ लोग अपने वाहन खड़े कर सावधान मुद्रा में खड़े हो गए। विभिन्न संस्थाओं और स्कूलों की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया और रैली निकाली गई। रामगढ़ ताल के किनारे सुबह से ही लोग जुटने लगे और खूब मस्ती की।

chat bot
आपका साथी