चूहों से परेशान हैं तो यह करें, एक दिन में हो जाएगा समस्या का समाधान Gorakhpur News
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जुटे कृषि विभाग ने चूहा और छछूंदर से बचने की विधि बताई। इन विधियों का प्रयोग कर आप भी चूहों से बच सकते हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। चूहों से ग्रामीण क्षेत्र के लोग ही नहीं शहरों में भी लोग परेशान हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जुटे कृषि विभाग ने चूहा और छछूंदर से बचने की विधि बताई।
व्रोमोडियोलान का प्रयोग करें
संयुक्त कृषि निदेशक गोरखपुर मंडल डॉ.ओमवीर सिंह और उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) डॉ.आरएस यादव ने कहा कि जेई और एईएस को बढ़ाने में चूहे और छछूंदर भी जिम्मेदार हैं। इन पर नियंत्रण पाना बेहद जरूरी है। खाद्य पदार्थों को ऐसे पात्र में रखा जिसे चूहे या छछूंदर काट न सकें।
इनके दुश्मन बिल्ली, उल्लू, लोमड़ी, बाज, चमगादड़ आदि हैं। इनका संरक्षण करें। साथ ही चूहेदानी का इस्तेमाल करें। कहा कि व्रोमोडियोलान 0.005 फीसद से बने चारे का 10 ग्राम चूहों के बिल में डाल दें। इसके अलावा एल्यूमीनियम फास्फाइड दवा का तीन से चार ग्राम बिल में डाल कर बंद कर दें। इससे निकलने वाली फास्फीन गैस से चूहे मर जाते हैं।
यह तरीका भी है कारगर
चूहों को कुछ लोग मारने के लिए जहर या गर्दन तोड़ने वाले फंदों का प्रयोग करते हैं। चूहा मारने वाला विष या गर्दन तोड़ने वाले पिंजरे हार्डवेयर की दुकान पर मिल जाते हैं। चूहों को पिंजरे में पकड़कर उन्हें दूर कही फेंककर आना सबसे सरल तरीका है।
घरेलू तरीका भी आजमाएं
चूहों को भगाने का घरेलू उपाय यह कि पेपरमिंट का उपयोग करें। चूहे को भगाने के लिए घर के हर कोनों में रूई में पिपरमेंट को लेकर रख दें। क्योंकि चूहे इसकी गंध को बिल्कुल भी पसंद नहीं करते हैं। इसके अलावा पुदीने की पत्ती या फूल को लेकर कूट लें और इसे चूहे के बिल के पास या आने वाली जगहों के पास रख दें। यह गंध भी चूहे सहन नहीं कर पाते हैं और वहां से भाग जाते हैं।
तेज पत्ता का भी कर सकते हैं प्रयोग
लाल मिर्च के पाउडर को चूहे के आने जाने वाली जगह पर रख सकते हैं। इसके अलावा तेज पत्ता भी चूहों को भगाने का सबसे अच्छा उपाय साबित होता है।
इंसान के बाल भी हैं कारगर
चूहों को घर से भगाने का सबसे आसान तरीका है इंसानों के बाल, क्योंकि इससे चूहे दूर रहते हैं। इसको निगलने से इनकी मौत हो जाती है इसलिए इसके नजदीक आने से ये काफी डरते हैं।