दो विभागों के बीच फंसा राजकीय आइटीआइ

देवरिया के पथरदेवा में 12.60 करोड़ की लागत से होना है निर्माण।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Sep 2020 07:00 AM (IST) Updated:Thu, 17 Sep 2020 07:00 AM (IST)
दो विभागों के बीच फंसा राजकीय आइटीआइ
दो विभागों के बीच फंसा राजकीय आइटीआइ

देवरिया, जेएनएन। दो विभागों के फेर में पथरदेवा के बंजरिया गांव में राजकीय आइटीआइ का निर्माण कार्य फंस गया है। राजकीय आइटीआइ के नाम हस्तांतरित भूमि पर दो सौ पेड़ हैं। पेड़ों की कटाई न होने से भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है। डीएम अमित किशोर ने इसको लेकर अफसरों को फटकार लगाई है। उन्होंने बिना देरी के पेड़ों की कटाई प्रकिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की तरफ से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम संचालित है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर इस कार्यक्रम के तहत बंजरिया गांव में राजकीय आइटीआइ की स्थापना की जानी है। इसके लिए ढाई एकड़ भूमि उपलब्ध है। तहसील प्रशासन ने राजकीय आइटीआइ के नाम जमीन अभिलेखों में दर्ज कर दिया है। भारत सरकार से इसके निर्माण के लिए 12.60 करोड़ रुपये स्वीकृत हुआ है। प्रथम किस्त के रूप में 4.72 करोड़ रुपये अवमुक्त हुआ है। वक्फ विकास निगम कार्यदायी एजेंसी है। स्थानांतरित भूमि पर करीब दो सौ जंगली व अन्य पेड़ हैं। उनकी कटाई के लिए तहसील प्रशासन ने सवा दो लाख रुपये में नीलामी की है। वन विभाग को इन पेड़ों की कटाई करानी है। दोनों विभागों की खींचतान में पेड़ों की कटाई नहीं हो पा रही है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने पेड़ों की कटाई में देरी होने पर डीएम अमित किशोर को अवगत कराया। उन्होंने डीएफओ को तत्काल कार्रवाई पूरी करते हुए पेड़ों की कटाई का निर्देश दिया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल ने बताया कि पेड़ों की कटाई के बाद कार्यदायी संस्था टेंडर की प्रकिया पूरी कर कार्य शुरू करेगी।

chat bot
आपका साथी