कोहरे में गलन बढ़ी, अब बारिश होने की संभावना Gorakhpur News

यह वायुमंडलीय परिस्थितियां आठ जनवरी से 10 जनवरी के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की वजह बन सकती है। सुबह कोहरे के कारण दिन भर धूप के दर्शन नहीं हुए।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Tue, 07 Jan 2020 07:20 AM (IST) Updated:Tue, 07 Jan 2020 11:22 AM (IST)
कोहरे में गलन बढ़ी, अब बारिश होने की संभावना Gorakhpur News
कोहरे में गलन बढ़ी, अब बारिश होने की संभावना Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। दो दिन की धूप के बाद ठंड से राहत महसूस कर रहे गोरखपुर वासियों के लिए सोमवार का दिन एक बार फिर दिक्कत भरा रहा। ठंड की वापसी ने उनकी दिक्कत बढ़ा दी।

नहीं हुई धूप

सुबह कोहरे के बीच हुई तो उसके प्रभाव में दिन भर धूप के दर्शन नहीं हो सके। नतीजतन एक बार फिर जिले का तापमान गिर गया और लोग पूरे दिन ठंड से कांपते रहे। तापमान में उतार-चढ़ाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महज चार दिन में अधिकतम तापमान करीब नौ डिग्री सेल्सियस गिर गया।

हवा के रुख बदलने से हुई परेशानी

गोरखपुर इन्वायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक वातावरण का यह बदलाव हवा का रुख बदलने के चलते हुआ है। सोमवार को पूरे दिन नम पुरवा हवाएं चलीं, जिसका साथ पाकर कोहरे ने अपना प्रभाव बढ़ा लिया। सुबह तो कोहरे की वजह से दृश्यता ढाई सौ मीटर से भी कम हो गई।

यह रहा तापमान

धूप की नामौजदूगी में सोमवार का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। दोनों ही तापमान बीते दिन के मुकाबले कम है। रविवार को अधिकतम तापमान 17 तो न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से कम होने के चलते सोमवार का दिन मौसम विभाग के मानक पर कोल्ड-डे रहा। नम पुरवा हवाओं के चलते आद्र्रता का प्रतिशत 78 से नीचे नहीं आ सका।

कल से 10 तक हो सकती है बारिश

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर स्थित है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर बना हुआ है और वह भी सक्रिय है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के पर एक विपरीत चक्रवातीय हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह वायुमंडलीय परिस्थितियां आठ जनवरी से 10 जनवरी के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की वजह बन सकती है। 

chat bot
आपका साथी