दिल्ली से फरार दुष्कर्म का आरोपित गोरखपुर से गिरफ्तार

युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने के बाद दिल्ली से फरार आरोपित गुरुवार को बांसगांव इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 31 May 2019 10:42 AM (IST) Updated:Fri, 31 May 2019 11:00 AM (IST)
दिल्ली से फरार दुष्कर्म का आरोपित गोरखपुर से गिरफ्तार
दिल्ली से फरार दुष्कर्म का आरोपित गोरखपुर से गिरफ्तार

गोरखपुर, जेएनएन। युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने के बाद दिल्ली से फरार आरोपित गुरुवार को बांसगांव इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली से आई पुलिस टीम ने बांसगांव पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया। शाम को कोर्ट में पेश करने के बाद दिल्ली पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे अपने साथ लेकर चली गई।

बांसगांव क्षेत्र के डुमरी गांव का रहने वाला मृगेंद्र दिल्ली में कमाने गया था। बदरपुर इलाके में उसने किराये का मकान ले रखा था। वहां रहने के दौरान गृहस्वामी की बेटी से उसने दोस्ती कर ली। आरोप है कि कुछ माह पहले बहाने से उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं इस बारे में किसी को कुछ बताने पर वह युवती को जान से मारने की धमकी देता रहा। साथ ही उसके मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक मैसेज भेजता रहता था। युवती के मोबाइल फोन देखने पर उसके घर वालों को इस बारे में पता चला। बाद में काफी पूछने पर युवती ने परिवार के लोगों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।

इस मामले में युवती की मां की तहरीर पर बदरपुर थाने में मृगेंद्र के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज था। तभी से वह फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस की एक टीम बुधवार को गोरखपुर आई थी। टीम के सदस्यों ने एसएसपी से मिलकर आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग मांगा। एसएसपी ने बांसगांव पुलिस को उनका सहयोग करने का निर्देश दिया था। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपित के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी