65 दिन में 32 फीसद धान की हुई खरीद

जागरण संवाददाता गाजीपुर जिले में धान क्रय की गति इधर कुछ बढ़ी जरूर है लेकिन लक्ष्य अभी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Dec 2020 09:19 PM (IST) Updated:Sun, 20 Dec 2020 09:19 PM (IST)
65 दिन में 32 फीसद धान की हुई खरीद
65 दिन में 32 फीसद धान की हुई खरीद

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : जिले में धान क्रय की गति इधर कुछ बढ़ी जरूर है लेकिन लक्ष्य अभी काफी दूर है। क्रय केंद्र खोले लगभग 65 दिन बीत गए लेकिन अभी तक केवल 32 फीसद ही धान की खरीद हो पाई है। खुले बाजार के सापेक्ष समर्थन मूल्य अधिक होने से किसान हर हाल में सरकारी केंद्र पर ही धान बेचना चाहते हैं लेकिन उन्हें तरह-तरह का बहाना बनाकर लौटा दिया जा रहा है। अंधऊ क्रय केंद्र पर मशीन लगाकर धान को चाल दिया जा रहा है और पइया के नाम पर प्रति क्विटल पांच से दस किलो की कटौती की जा रही है। किसानों का धान तैयार है लेकिन केंद्र प्रभारियों द्वारा उन्हें 10 से 15 दिन बाद आने को कहा जा रहा है। हालांकि जमानियां क्षेत्र में धान की आवक अभी कम है। वहां किसानों का धान अभी खलिहान में पहुंच रहा है।

डीएम की सख्ती के बाद आयी तेजी

जंगीपुर : जिलाधिकारी की सख्ती के बाद धान खरीद में तेजी आई है। क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरे उपलब्ध करा दिए गए हैं। जंगीपुर कृषि मंडी स्थित विपणन केंद्र पर रविवार को तौल जारी रहा। सीनियर मार्केटिग इंस्पेक्टर प्रमोद यादव मौके पर धान तौल कराया और किसानों से इसके बारे में जानकारी ली। बताया कि यहां पर धान खरीद का लक्ष्य 40 हजार क्विटल है। अब तक 12 हजार क्विटल धान की खरीद हो चुकी है। बोरा भी पर्याप्त उपलब्ध है।

केंद्रों पर कम आ रहे किसान

जमानियां : जमानियां खाद्य विभाग के प्रभारी शैलेश यादव ने बताया कि 45 हजार क्विटल लक्ष्य के सापेक्ष 130 किसानों से आठ हजार क्विटल धान की खरीद अब तक हुई हैं। वहीं गहमर खाद्य विभाग के केंद्र प्रभारी शिव प्रकाश यादव ने बताया कि 45 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य था अब तक 165 किसानों से नौ हजार क्विटल खरीदारी हुई हैं। वहीं कृषि उत्पादन मंडी समिति केंद्र प्रभारी धनंजय ने बताया कि 10 हजार क्विटल लक्ष्य के सापेक्ष 75 किसानों से 4600 क्विटल धान खरीदारी हुईं हैं। इसमें 52 किसानों का 47 लाख रुपये भुगतान भी कर दिया गया। जोगियामर एनसीसीएफ के केंद्र प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि 30 हजार क्विटल के लक्ष्य था जिसमें पांच किसानों से 292 क्विटल धान की खरीद हुई हैं। अहमिनपुर गांव स्थित यूपीएसएस के केंद्र प्रभारी रामनारायन तिवारी ने बताया कि 10 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य मिला हैं जिसमें 62 किसानों से तीन हजार क्विटल धान खरीद हुई है।

एक तिहाइ हुई खरीद

सैदपुर : नगर स्थित विपणन केंद्र पर बनाए गए धान क्रय केंद्र पर 30 हजार क्विटल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 10 हजार 236 क्विटल 80 किग्रा धान की खरीदारी की गई है। अब तक 241 किसानों का धान खरीदा गया है। विपणन केंद्र प्रभारी हरिकेश चौरसिया ने बताया कि प्रतिदिन 10-12 से ज्यादा किसानों की खरीदारी की जा रही है। बोरा, सुतली समेत सभी सामान उपलब्ध है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

जमानियां : स्टेशन बाजार स्थित क्रय विक्रय के धान केंद्र का निरीक्षण शनिवार की शाम अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने किया। उन्होंने केंद्र संचालकों से धान खरीद, बोरे की उपलब्धता, मिलों को भेजे गए धान की स्थिति, किसानों के भुगतान की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी को चेतावनी दी कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि निर्धारित मूल्य से कम मूल्य पर खरीदारी हुई तो कार्रवाई निश्चित है। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों से धान बेचने से संबंधित उनकी समस्याओं के बारे जाना और संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

सांसद के निर्देश पर आयी तेजी

कासिमाबाद : तहसील क्षेत्र में धान क्रय केंद्र में तेजी नहीं आ रही लाने को लेकर शनिवार को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने किसानों व अधिकारियों के साथ बैठक कर, किसानों के किसी भी प्रकार के धान को खरीदने का निर्देश दिया था, जिससे केंद्र प्रभारियों की मुश्किल बड़ गई है। क्योंकि सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार उन्हें हर हाल में एक क्विटल धान से 67 किलो चावल देना है। कासिमाबाद तहसील क्षेत्र में कुल 21 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। कासिमाबाद विपणन शाखा के क्रय केंद्र को 30 हजार क्विटल खरीद का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें अब तक 9638 क्विटल धान की खरीद हो पाई है। इंदौर क्रय केंद्र के प्रभारी अक्सर गायब ही रहते हैं। किसानों का आरोप है कि सभी क्रय केंद्रों पर उनके धान खरीदने में कोताही बरती जा रही है। इस संदर्भ में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी चंद्रभान पांडेय ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल धान खरीद काफी बेहतर है। धान की खरीद ठीक चल रही है, शीघ्र ही हम लोग लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। सभी किसानों के धान की खरीद होगी, अगर किसी को परेशानी है तो उनसे संपर्क कर सकते हैं।

फैक्ट फाइल

- जिले में क्रय केंद्र : 131

- धान खरीद का लक्ष्य : 200000 एमटी

- अब तक हुई खरीद : 65244 एमटी

- खरीद प्रतिशत : 32

- फिलहाल धान खरीद की गति ठीक चल रही है। कुछ केंद्रों पर भीड़ लग रही है, जिससे वहां देरी हो रही है। वहां कांटा की संख्या बढ़ाई जा रही है। सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा और लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। - रतन कुमार शुक्ल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।

chat bot
आपका साथी