106 मुस्लिम महिलाओं ने थामा भाजपा का दामन, तीन तलाक कानून बनने पर जताई खुशी Ghaziabad News

पिछले 10 दिन में गाजियाबाद जिले की 106 मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ली है। शनिवार को भी पांच मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 11 Aug 2019 09:12 PM (IST) Updated:Sun, 11 Aug 2019 10:16 PM (IST)
106 मुस्लिम महिलाओं ने थामा भाजपा का दामन, तीन तलाक कानून बनने पर जताई खुशी Ghaziabad News
106 मुस्लिम महिलाओं ने थामा भाजपा का दामन, तीन तलाक कानून बनने पर जताई खुशी Ghaziabad News

गाजियाबाद [हसीन शाह]। तत्काल तीन तलाक पर कानून बनने केबाद मुस्लिम महिलाएं भाजपा का दामन थाम रही हैं। पिछले 10 दिन में गाजियाबाद जिले की 106 मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ली है। शनिवार को भी पांच मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक पर बने कानून की सराहना करते हुए भाजपा का दामन थाम लिया।

मोदी सरकार ने तत्काल तीन तलाक बिल को लोकसभा और राज्यसभा में पास करा दिया है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून अस्तित्व में आ गया है। भाजपा की सदस्यता से पहले पीडि़त महिलाओं ने अपनी व्यथा भी सुनाई। शनिवार को हिंडन विहार में पांच मुस्लिम महिलाओं ने तत्काल तीन तलाक की मुखालफत करते हुए भाजपा का दामन थामा।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी ने महिलाओं को सदस्यता दिलाई। उन्होंने बताया कि कानून बनने के बाद से ही काफी संख्या में मुस्लिम महिलाओं का भाजपा की सदस्यता लेने के लिए आवेदन आ रहे हैं। दस दिन के भीतर 106 मुस्लिम महिलाओं ने सदस्यता ली है।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाली शकीला ने कहा कि तत्काल तीन तलाक पर कानून बनाकर मोदी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को सम्मान से जीने का हक दिया है। इस लिए मैंने भाजपा की सदस्यता ली है। वहीं हिना ने कहा कि अब मुझे तत्काल तीन तलाक का डर नहीं लगता। मुझे गर्व है कि मैंने उस पार्टी की सदस्यता ली है, जिसने हम सभी को इस बेड़ी से आजाद कराया।

एक अन्य महिला सोनी खातून ने कहा कि सदियों से तीन तलाक की कुप्रथा से मुस्लिम महिलाओं को आजादी मिली है। मैं उन सभी सांसदों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने तत्काल तीन तलाक बिल का समर्थन किया। जबकि तमीजन ने कहा कि तत्काल तीन तलाक देकर पुरुष हमारा उत्पीड़न कर रहे थे। बेटी की शादी के बाद मां-बाप को इसकी फिक्र शुरू हो जाती थी। भाजपा में शामिल होने पर फक्र है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी ने बताया कि मोदी सरकार ने तीन तलाक पर कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को सम्मान से जीने का अधिकार दिया है। तीन तलाक पर कानून बनने पर काफी संख्या में मुस्लिम महिलाओं के भाजपा की सदस्यता लेने के लिए आवेदन आ रहे हैं। दस दिन के भीतर 106 मुस्लिम महिलाओं ने सदस्यता ली है। सभी महिलाओं ने तीन तलाक पर कानून बनाने से खुश होकर सदस्यता लेने का फैसला लिया है।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी