लोन माफिया लक्ष्य तंवर की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

जागरण संवाददाता गाजियाबाद फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंकों को 400 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाने वाले लोन माफिया लक्ष्य तंवर की एक करोड़ रुपये की संपत्ति को मंगलवार को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियो ने कुर्क किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 07:01 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 07:01 PM (IST)
लोन माफिया लक्ष्य तंवर की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क
लोन माफिया लक्ष्य तंवर की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंकों को 400 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाने वाले लोन माफिया लक्ष्य तंवर की एक करोड़ रुपये की संपत्ति को मंगलवार को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियो ने कुर्क किया। तुराबनगर स्थित लक्ष्य और उसके पिता अशोक कुमार के चार मंजिला मकान को कुर्क किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जेल में बंद गैंगस्टर पिता-पुत्र की अनैतिक कार्यों से बनाई गई संपत्ति को मुनादी के बाद कुर्क किया गया। इनकी अन्य संपत्ति भी जल्द कुर्क होगी।

सीओ सिटी प्रथम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि लक्ष्य तंवर लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का एक संगठित गिरोह चलाता है। लक्ष्य और गिरोह में शामिल उसके पिता अशोक कुमार ने वर्ष 2012 से अब तक विभिन्न बैंकों के मैनेजरों से साठ-गांठ कर लोन के नाम पर 400 करोड़ से अधिक का फर्जीवाड़ा किया है। आरोपितों ने कूटरचित दस्तावेजों पर लोन लेकर आमजन से धोखाधड़ी की। इस धोखाधड़ी से आरोपितों ने करोड़ों रुपये की नामी और बेनामी संपत्ति अर्जित की। लक्ष्य तंवर समेत गिरोह में शामिल 12 लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

सीओ का कहना है कि इसी मामले में एडीएम सिटी की कोर्ट द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में गिरोह के सरगना लक्ष्य तंवर और अशोक कुमार की तुराबनगर स्थित एक करोड़ कीमत का मकान कुर्क किया गया। उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल सभी आरोपितों की संपत्ति चिह्नित हो रही है। लक्ष्य तंवर और अशोक कुमार की कविनगर स्थित दो अन्य संपत्ति भी चिह्नित हुई हैं। उन्हें भी जल्द कुर्क किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी