मास्क न लगाने पर एक दर्जन कर्मियों पर लगा जुर्माना

-नगर आयुक्त ने किया कार्यालयों का औचक निरीक्षण मची खलबली बिना मास्क मिले कई कर्मचारी वेतन से जुर्माना राशि कटौती के निर्देश।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 06:05 AM (IST)
मास्क न लगाने पर एक दर्जन कर्मियों पर लगा जुर्माना
मास्क न लगाने पर एक दर्जन कर्मियों पर लगा जुर्माना

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: कोरोना संक्रमण से बचने के लिए नगर निगम प्रशासन लोगों को मास्क लगाने व दो गज की दूरी बनाने को प्रेरित कर रहा है, लेकिन खुद निगम के कर्मचारी मास्क नहीं लगा रहे हैं। गुरुवार को नगर आयुक्त ने मास्क न लगाने पर एक दर्जन कर्मचारियों पर जुर्माना लगाया है। इस दौरान कर्मचारियों को हड़कंप की स्थिति बनी रही।

जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। कोरोना की रोकथाम के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में पिछले साल की तरह सैनिटाइजेशन का कार्य तेज करा दिया है। वाहन के माध्यम से लोगों को मास्क लगाने व दो गज की दूरी बनाए रखने के लिए प्रचार- प्रसार कराया जा रहा है। नगर आयुक्त विजय कुमार ने सुबह 11 बजे कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जिससे कर्मचारियों में खलबली मची रही। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक अंबरीश वर्मा, निर्माण विभाग के लिपिक प्रमोद यादव, लेखा विभाग के लिपिक दीपक गुप्ता, कैशियर चंद्रशेखर, अरबन इन्फ्रास्ट्रक्चर स्पेशलिस्ट शिवांशु हरदैनियां, कम्प्यूटर आपरेटर गुलाब सिंह, हिमांशु भल्ला, शशांक पाठक, ब्रजेश यादव, सफाई कर्मचारी जालिम सिंह बिना मास्क लगाए कार्य करते मिले। नगर आयुक्त ने जुर्माने के रूप में प्रत्येक कर्मचारी के वेतन से 100-100 रुपये कटौती के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सभी अधिकारी, कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क का प्रयोग करें। ड्यूटी के दौरान कोई कर्मचारी बिना मास्क के मिला तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रवर्तन दल को निर्देश दिए हैं कि कोई कर्मचारी व फरियादी बिना मास्क नगर निगम में प्रवेश न करने पाए।

chat bot
आपका साथी